युवक ने अवैध असलहे के दम पर मारपीट, जानलेवा हमले और मोबाइल लूट का लगाया आरोप
Lucknow के Sushant Golf City थाना क्षेत्र में एक युवक ने अवैध असलहे के दम पर मारपीट, जान से मारने के प्रयास और मोबाइल लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार, वृंदावन सेक्टर-8बी निवासी प्रांशु त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ दिनों से गुलसन श्रीवास्तव नामक युवक उनसे लगातार मिलने का दबाव बना रहा था। पीड़ित का आरोप है कि 12 मई की शाम व्हाट्सएप कॉल के जरिए उन्हें अंसल क्षेत्र में बुलाया गया, जहां आरोपी अपनी सफेद रंग की महिंद्रा XUV कार से पहुंचा।

प्रांशु त्रिपाठी के मुताबिक, आरोपी उनकी BMW कार में बैठ गया और स्वयं गाड़ी चलाने का दबाव बनाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के साथ अन्य वाहन में 5-6 अज्ञात लोग भी मौजूद थे। पीड़ित का कहना है कि रास्ते में उन्हें जबरन शराब पिलाई गई और बाद में अवध विहार की ओर ले जाया गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, कल्याण चौक के पास पहले से मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लाठी, घूंसों एवं लातों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनका सैमसंग S25 अल्ट्रा मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना पूर्व नियोजित थी और इसमें एक अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। तहरीर में कहा गया है कि घटना के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।प्रार्थना पत्र में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
