युवा उत्सव में युवाओं ने कला के रंगों से उकेरी सशक्त भारत की तस्वीर

मंडल स्तरीय युवा उत्सव में लखनऊ बना विजेता, हरदोई को मिला दूसरा स्थान

 
7u7

लखनऊ डेस्क (आर. एल. पाण्डेय)। बुंदेलखंड के पारंपरिक राई नृत्य की थिरकन, चैती और आल्हा गायन की मधुर स्वर लहरियां, कविता में विकसित भारत का संकल्प और रंगों के जरिए सशक्त भारत की कल्पना—कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार को लखनऊ पब्लिक पीजी कॉलेज में आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में देखने को मिला। इस आयोजन में युवाओं ने अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा के माध्यम से भारत की समृद्ध विरासत और उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित इस उत्सव में लखनऊ मंडल के छह जिलों के 200 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। भारत सरकार के विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सहायक विकास आयुक्त डॉ. शिवाकांत तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

भारतीय संस्कृति और विविधताओं को समर्पित युवा उत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और 'वंदे मातरम' की संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद लोक नृत्य, लोक संगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकारी और काव्य लेखन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

ytt

प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी

लोक नृत्य प्रतियोगिता में लखनऊ की टीम ने प्रथम और लखीमपुर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोक संगीत प्रतियोगिता में हरदोई की टीम विजेता रही, जबकि लखनऊ को दूसरा और रायबरेली को तीसरा स्थान मिला।

नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में लखनऊ की अदम्य ग्लोबल फाउंडेशन ने पहला पुरस्कार हासिल किया। चित्रकारी प्रतियोगिता में लखनऊ के अमित कुमार और काव्य लेखन में हरदोई के हर्षवर्धन मिश्र विजेता रहे।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की उप निदेशक शिल्पी पाण्डेय ने बताया कि उत्सव में प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं को विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।

कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी अनिल कुमार तिवारी, संस्थान के डीन डॉ. लक्ष्मी शंकर अवस्थी, सेवा योजना अधिकारी डॉ. आशीष कौशल, अनीता चौधरी, आशीष मिश्र और राहुल सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Tags