यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन को मिला नया विधिक और संगठनात्मक नेतृत्व
लखनऊ। यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन को संगठनात्मक और विधिक स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। फेडरेशन ने प्रांकुर कुमार यादव एवं काव्या तिवारी, एडवोकेट हाई कोर्ट को संगठन का विधिक सलाहकार (Legal Advisor) नामित किया है। दोनों विधि विशेषज्ञों को फेडरेशन से जुड़े न्यायालयीन मामलों, कानूनी परामर्श और आवश्यक विधिक कार्यवाहियों में संगठन को मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार संगठन के विस्तार के साथ विभिन्न प्रशासनिक और विधिक विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसे में प्रांकुर कुमार यादव और काव्या तिवारी के विधिक अनुभव से फेडरेशन तथा उसके सदस्यों से जुड़े मामलों में प्रभावी कानूनी सहयोग मिलने की उम्मीद है।
सुमित बने लखनऊ जिलाध्यक्ष और प्रांतीय उपाध्यक्ष
संगठनात्मक स्तर पर भी फेडरेशन ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। लोकबंधु चिकित्सालय, लखनऊ के सुमित को सर्वसम्मति से यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन, लखनऊ का जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। इसके साथ ही उन्हें फेडरेशन की प्रांतीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है।
फेडरेशन ने विश्वास जताया कि सुमित के नेतृत्व में लखनऊ जनपद में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही युवा फार्मासिस्टों को संगठित करने, उनके व्यावसायिक हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पदाधिकारियों ने दी नव नियुक्त सदस्यों को बधाई
नए दायित्वों की घोषणा के अवसर पर जनपद सचिव धीरेंद्र, प्रांतीय संरक्षक उपेंद्र, संविदा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन एवं फेडरेशन के उपाध्यक्ष प्रवीण यादव, यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कृष्ण, महासचिव देवेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सरन, उपाध्यक्ष अवधेश, सचिव अजीत तथा यूथ विंग की प्रदेश अध्यक्ष अनुराधा सहित अनेक पदाधिकारी और फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े साथी मौजूद रहे।सभी पदाधिकारियों ने नव नामित विधिक सलाहकार प्रांकुर कुमार यादव और काव्या तिवारी तथा लखनऊ जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

विधिक विशेषज्ञता और युवा नेतृत्व से संगठन को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर फेडरेशन के केंद्रीय समिति अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि किसी भी संगठन को मजबूत बनाने में विधिक विशेषज्ञता और प्रभावी युवा नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रांकुर कुमार यादव और काव्या तिवारी के विधिक मार्गदर्शन के साथ सुमित और धीरेंद्र के संगठनात्मक प्रयासों से यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन को लखनऊ और प्रदेश स्तर पर नई गति मिलेगी।

सुनील यादव ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए फार्मासिस्ट समुदाय के हित, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे। फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि नए दायित्वों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार होगा और युवा फार्मासिस्टों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
