यूट्यूबर पर झूठे आरोप लगाने और धन उगाही का आरोप, किसान नेता ने एफआईआर की मांग की

YouTuber accused of making false allegations and extortion; farmer leader demands FIR.
 
fhg
गोसाईगंज। लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन (अ) की महिला प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश मध्य) रानी अवस्थी ने ‘सस इंडिया न्यूज’ यूट्यूब चैनल के संपादक पवन कुमार गुप्ता के खिलाफ पुलिस आयुक्त लखनऊ और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके विरुद्ध कथित रूप से झूठे आरोप लगाने और पूर्व में अन्य लोगों से धन उगाही किए जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मोहनलालगंज निवासी रानी अवस्थी के मुताबिक, वह वर्तमान में भारतीय किसान यूनियन (अ) में महिला प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में कहा है कि 25 सितंबर 2026 को उन्हें जानकारी मिली कि पवन कुमार गुप्ता, निवासी महुरा खुर्द, थाना गोसाईगंज, लखनऊ, द्वारा सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर षड्यंत्र कर आरोप-प्रत्यारोप किए गए हैं।

रानी अवस्थी का कहना है कि संबंधित ऑडियो-वीडियो उनके पास उपलब्ध हैं। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि इन कथित ऑडियो-वीडियो के माध्यम से उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पवन कुमार गुप्ता पूर्व में सोशल मीडिया और अपने चैनल के माध्यम से कई सम्मानित व्यक्तियों की छवि खराब कर उनसे कथित रूप से धन उगाही कर चुके हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग

रानी अवस्थी ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने शिकायत के साथ कथित ऑडियो-वीडियो उपलब्ध होने की बात भी कही है। अब मामले में पुलिस की जांच और उसके आधार पर सामने आने वाले तथ्यों से आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags