ILT20 ऑक्शन में बाबर आजम समेत 23 देशों के 200 खिलाड़ी, भारत से सिर्फ मुरुगन अश्विन
ILT20 का पांचवां सीजन यूएई में 22 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक खेला जाएगा। नीलामी में 11 ICC फुल मेंबर देशों के अलावा कुवैत और सऊदी अरब के खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारत की ओर से मुरुगन अश्विन ऑक्शन में हिस्सा लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों के विदेशी टी20 लीग में खेलने की अनुमति नहीं होने के कारण नीलामी सूची में भारत से सिर्फ उनका नाम है।
पाकिस्तान के 17 खिलाड़ी ऑक्शन में
ILT20 ऑक्शन में पाकिस्तान के 17 खिलाड़ी शामिल हैं। बाबर आजम के अलावा फखर जमान, नसीम शाह, उस्मान तारिक, हसन अली, शादाब खान, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, सैम अयूब, खुशदिल शाह, माज सदाकत और साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ी भी बोली के लिए उपलब्ध होंगे।
खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा गया है। इनमें 80 हजार, 40 हजार और 10 हजार अमेरिकी डॉलर की बेस प्राइस शामिल है। 80 हजार डॉलर की सबसे ऊंची बेस प्राइस श्रेणी में बाबर आजम, फिल सॉल्ट, टॉम बेंटन, डेविड विली, फखर जमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, जॉनी बेयरस्टो, मोईन अली, लियाम लिविंगस्टोन, अल्जारी जोसेफ, वानिंदु हसरंगा, फाफ डु प्लेसिस, एलेक्स हेल्स, नसीम शाह, फजलहक फारूकी, क्रिस वोक्स और दासुन शनाका समेत कई खिलाड़ी शामिल हैं।
इसके अलावा जेेडन सील्स, इब्राहिम जादरान, शादाब खान, तबरेज शम्सी, अविष्का फर्नांडो, हसन नवाज, शोरिफुल इस्लाम, माज सदाकत, कुसल परेरा, गुलबदीन नायब, क्रिस ग्रीन, आंद्रे फ्लेचर और हुनैन शाह जैसे खिलाड़ी भी ऑक्शन पूल का हिस्सा हैं।
किस टीम के पास कितना पर्स?
ऑक्शन में प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास 13 लाख अमेरिकी डॉलर का बेस पर्स होगा। इसके अलावा प्री-ऑक्शन साइनिंग के लिए निर्धारित 7 लाख डॉलर में से बची राशि का इस्तेमाल भी नीलामी में किया जा सकता है। MI Emirates के पास सबसे अधिक 13.90 लाख डॉलर का पर्स होगा। Abu Dhabi Knight Riders के पास 13.65 लाख डॉलर, जबकि Desert Vipers और Gulf Giants के पास 13.05 लाख डॉलर उपलब्ध होंगे। Dubai Capitals और Sharjah Warriorz ने प्री-ऑक्शन साइनिंग के लिए उपलब्ध 7 लाख डॉलर की पूरी राशि खर्च कर दी है, इसलिए दोनों के पास ऑक्शन के लिए 13 लाख डॉलर का पर्स होगा।
UAE खिलाड़ियों के लिए RTM का विकल्प
फ्रेंचाइजियों को UAE के किसी खिलाड़ी के लिए Right to Match (RTM) विकल्प इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। यह विकल्प उस खिलाड़ी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जो सीजन-4 में संबंधित टीम का हिस्सा रहा हो या हाल ही में समाप्त हुए ILT20 Development Tournament में उसी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर चुका हो।
टीमों के लिए तय किए गए नियम
ILT20 में प्रत्येक फ्रेंचाइजी के स्क्वाड में कम से कम 18 और अधिकतम 23 खिलाड़ी हो सकते हैं। टीम में कम से कम 11 खिलाड़ी ICC फुल मेंबर देशों से होने चाहिए। इनमें कम से कम चार खिलाड़ी अफगानिस्तान और कम से कम एक खिलाड़ी आयरलैंड से होना अनिवार्य है।
इसके अलावा हर टीम में कम से कम चार UAE खिलाड़ी, एक कुवैत खिलाड़ी और एक सऊदी अरब का खिलाड़ी होना जरूरी है। UAE, कुवैत और सऊदी अरब के अलावा किसी अन्य ICC एसोसिएट देश के कम से कम एक खिलाड़ी को भी टीम में शामिल करना अनिवार्य है।
इस तरह ILT20 सीजन-5 का ऑक्शन कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के कारण खास रहने वाला है। 1 अक्टूबर को होने वाली नीलामी में फ्रेंचाइजियां अपने बचे हुए स्लॉट भरने के साथ टीमों की संरचना को अंतिम रूप देंगी। आधिकारिक ILT20 के मुताबिक सीजन-5 छह टीमों और 34 मैचों का होगा।
