70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 17 मंडलों के 290 बालक मुक्केबाजों ने दिखाया दम
लखनऊ, 25 सितम्बर 2026। के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम, लखनऊ के बॉक्सिंग हॉल में आयोजित 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026-27 के तृतीय दिवस बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) प्रताप सिंह बघेल के संरक्षकत्व एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में चल रही प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 मंडलों से कुल 290 बालक मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं।
बालिका वर्ग की अंडर-17 एवं अंडर-19 स्पर्धाएं पूरी होने के बाद अब अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले कराए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को क्वालीफिकेशन राउंड, प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल मुकाबले आयोजित हुए। खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाने के लिए तकनीक, गति, कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
पूर्व राष्ट्रीय कोच डगलस शेफर्ड ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा नामित पूर्व राष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच डगलस शेफर्ड प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बॉक्सिंग एरिना में खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। अनुभवी राष्ट्रीय स्तर के कोच की मौजूदगी से युवा मुक्केबाजों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के मीडिया कोऑर्डिनेटर एवं मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सभी प्रतिभागियों का पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले शुरू किए गए हैं। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर रहकर मुकाबलों, तकनीकी प्रक्रियाओं और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण किया।

व्यवस्थाओं और अनुशासन पर विशेष निगरानी
प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों एवं शिक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साफ-सफाई, उद्यान, भोजन, टेंट, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज के प्रधानाचार्य सौरभ प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम कर रही है।
वहीं, प्रतियोगिता में अनुशासन व्यवस्था की जिम्मेदारी राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व वाली अनुशासन समिति को दी गई है। समिति के अधिकारी एवं शिक्षक खिलाड़ियों के आवागमन, आयोजन स्थल की निर्धारित व्यवस्थाओं और अनुशासन की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

खिलाड़ियों की स्वास्थ्य-सुरक्षा के लिए चिकित्सा व्यवस्था
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों की स्वास्थ्य-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा एवं आकस्मिक सेवाओं की व्यवस्था की गई है। मेडिकल टीम द्वारा खेल नियमों और चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार खिलाड़ियों के स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रतियोगिता के दौरान मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पाण्डेय तथा जनपदीय क्रीड़ा सचिव अमित श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे और आयोजन एवं खेल संबंधी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
26 सितम्बर से शुरू होंगे फाइनल चरण के मुकाबले
प्रतियोगिता के तीसरे दिन क्वालीफिकेशन, प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल चरण के मुकाबले कराए गए। इन चरणों के शेष मुकाबले शनिवार को जारी रहेंगे। 26 सितम्बर की दोपहर बाद विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के फाइनल चरण के मुकाबले शुरू होंगे, जो 27 सितम्बर तक चलेंगे।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पाण्डेय ने बताया कि 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन 27 सितम्बर 2026 को होगा।


