abhishek sharma ne racha Itihas : अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, टी20 में 6000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय बने

Abhishek Sharma creates history, becomes the fastest Indian to complete 6,000 runs in T20s.
 
abhishek sharma

Afghanistan vs India, 1st T20I  :  अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपने पुराने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शानदार 82 रन की पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। इसी दौरान अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में 6000 रन पूरे कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान से मिले 157 रन के लक्ष्य को महज 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अभिषेक ने अपनी पारी में तेजी से रन बनाते हुए भारतीय टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सबसे कम गेंदों में 6000 रन पूरे करने वाले भारतीय

अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक को टी20 क्रिकेट में 6000 रन का आंकड़ा छूने के लिए केवल 5 रन की जरूरत थी। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर यह उपलब्धि हासिल कर ली। इसके साथ ही अभिषेक शर्मा सबसे कम गेंदों में 6000 टी20 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह मुकाम 3420 गेंदों में हासिल किया।वैश्विक स्तर पर भी उनका रिकॉर्ड बेहद खास है। टी20 क्रिकेट में 6000 रन तक सबसे कम गेंदों में पहुंचने के मामले में न्यूजीलैंड के फिन एलन उनसे आगे हैं। एलन ने 3386 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

6000 टी20 रन सबसे कम गेंदों में पूरे करने वाले बल्लेबाज

  • फिन एलन (न्यूजीलैंड) — 3386 गेंद
  • अभिषेक शर्मा (भारत) — 3420 गेंद
  • आंद्रे रसेल (वेस्टइंडीज) — 3550 गेंद
  • टिम डेविड (ऑस्ट्रेलिया) — 3681 गेंद
  • विल जैक्स (इंग्लैंड) — 3857 गेंद
  • फिल सॉल्ट (इंग्लैंड) — 3857 गेंद

पहले ओवर में छक्कों के मामले में रोहित की बराबरी

अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी की शुरुआत भी छक्के से की। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर लगाया गया यह छक्का उनके लिए एक और खास रिकॉर्ड लेकर आया। अब अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा के बराबर पहुंच गए हैं। दोनों बल्लेबाजों के नाम पहले ओवर में 12-12 छक्के दर्ज हो गए हैं।

खराब फॉर्म के बाद शानदार वापसी

अभिषेक शर्मा के लिए यह पारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछली कुछ टी20 सीरीज में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला था। अफगानिस्तान के खिलाफ 82 रन की पारी में उन्होंने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई।

भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है। अभिषेक की नजर अब आगामी मुकाबलों में इसी फॉर्म को बरकरार रखने पर होगी। आगामी एशियन गेम्स को देखते हुए भी उनका प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

Tags