Ajinkya Rahane Overseas T20 League: अजिंक्य रहाणे अब विदेशी टी20 लीग में बिखेरेंगे जलवा, ETPL में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के बने मार्की प्लेयर

Ajinkya Rahane Overseas T20 League: Ajinkya Rahane set to shine in an overseas T20 league; becomes the marquee player for Amsterdam Flames in the ETPL.
 
Ajinkya Rahane Overseas T20 League

Ajinkya Rahane Joins European T20 Premier League: हाल ही में 30 जुलाई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने वाले भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अपने करियर में एक नया अध्याय शुरू करने का फैसला किया है। रहाणे पहली बार किसी विदेशी टी20 लीग में खेलते हुए दिखाई देंगे।

26 अगस्त से शुरू हो रही यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन के लिए रहाणे को एम्स्टर्डम फ्लेम्स (Amsterdam Flames) ने अपने स्क्वाड में मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने 7 अगस्त को आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि की।

टी20 क्रिकेट में शानदार अनुभव

हालांकि अजिंक्य रहाणे की पहचान मुख्य रूप से टेस्ट क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाज के रूप में रही है, लेकिन टी20 प्रारूप में भी उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 308 टी20 मुकाबलों में लगभग 8,000 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और 56 अर्धशतक भी निकले हैं, जो इस प्रारूप में उनके अनुभव को दर्शाते हैं।

रहाणे बोले- क्रिकेट को कुछ लौटाना चाहता हूं

एम्स्टर्डम फ्लेम्स से जुड़ने के बाद रहाणे ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें जीवन में बहुत कुछ दिया है और अब उनकी कोशिश इस खेल को वापस कुछ देने की है।उन्होंने कहा कि यूरोप में क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां खेल के विकास की अपार संभावनाएं हैं। एम्स्टर्डम फ्लेम्स की सोच और भविष्य की योजनाओं ने उन्हें काफी प्रभावित किया। रहाणे ने विश्वास जताया कि वह टीम प्रबंधन के साथ मिलकर एक मजबूत फ्रेंचाइजी बनाने और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करने में योगदान देंगे।

स्टार खिलाड़ियों के साथ साझा करेंगे ड्रेसिंग रूम

एम्स्टर्डम फ्लेम्स की टीम में रहाणे के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, टिम डेविड, माइकल ब्रेसवेल और मिचेल मार्श जैसी बड़ी हस्तियां भी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा होंगी। टीम की कप्तानी मिचेल मार्श संभालेंगे, जबकि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ फ्रेंचाइजी के को-फाउंडर और चीफ क्रिकेट ऑफिसर की भूमिका में हैं।

26 अगस्त को पहला मुकाबला

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला जाएगा। एम्स्टर्डम फ्लेम्स अपने अभियान की शुरुआत 26 अगस्त को रॉटरडैम डॉकर्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला वूरबर्ग के स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 6:45 बजे शुरू होगा। विदेशी टी20 लीग में यह अजिंक्य रहाणे का पहला अनुभव होगा, जिस पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

Tags