Ajinkya Rahane Retirement: अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से लिया संन्यास, IPL और घरेलू मैचों को भी कहा अलविदा; शेयर किया भावुक संदेश
Ajinkya Rahane Retires from All Forms of Cricket: भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व उप-कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। 1072 दिनों से भारतीय राष्ट्रीय टीम से दूर चल रहे रहाणे ने एक भावुक वीडियो और संदेश जारी कर अपने 19 साल लंबे क्रिकेट सफर पर विराम लगाने का फैसला किया।
संन्यास के इस ऐलान के साथ ही रहाणे अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) या घरेलू क्रिकेट (फर्स्ट क्लास व लिस्ट-ए) में भी खेलते नजर नहीं आएंगे।
Senior India batter Ajinkya Rahane announces retirement from international cricket.#AjinkyaRahane pic.twitter.com/CVtwVE5n82
— All India Radio News (@airnewsalerts) July 30, 2026
हर शुरुआत का एक अंत होता है..." - रहाणे का भावुक संदेश
रहाणे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए कहा जिंदगी का यह कटु सत्य है कि यदि कोई चीज शुरू होती है, तो उसका अंत भी निश्चित है। हमें इस सच्चाई का सम्मान करते हुए आगे बढ़ना होता है। मैंने अपने पूरे करियर में अपनी टाइमिंग पर अटूट विश्वास रखा है। मुझे लगता है कि इस 'जेंटलमैन गेम' को अलविदा कहने और जीवन में आगे बढ़ने का यह बिल्कुल सही समय है।"
12 साल का अंतरराष्ट्रीय करियर और आंकड़े
अजिंक्य रहाणे ने अगस्त 2011 में भारत के लिए डेब्यू किया था। अपने 12 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान उन्होंने तीनों प्रारूपों में देश का प्रतिनिधित्व किया:
-
टेस्ट क्रिकेट: 85 मैच | 5,077 रन | 12 शतक | 26 अर्धशतक
-
वनडे (ODI): 90 मैच | 2,962 रन | 3 शतक | 24 अर्धशतक
-
टी20 इंटरनेशनल: 20 मैच | 375 रन | 1 अर्धशतक
-
कुल अंतरराष्ट्रीय आंकड़े: 195 मैच | 8,414 रन | 15 शतक
रहाणे ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला था। ओवरऑल करियर की बात करें तो उन्होंने 205 प्रथम श्रेणी मैचों, 192 लिस्ट-ए मुकाबलों और 308 टी20 मैचों में भाग लिया।
IPL में 5000 से अधिक रन
रहाणे का बल्ला आईपीएल में भी जमकर बोला। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में खेले 212 मैचों में 5,367 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं। वे राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी प्रमुख टीमों का अहम हिस्सा रहे।
2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: रहाणे का ऐतिहासिक नेतृत्व
बतौर कप्तान अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे स्वर्णिम क्षण 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में आया।
एडिलेड टेस्ट में भारतीय टीम के महज 36 रनों पर सिमटने और नियमित कप्तान विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली थी। उनके शांत नेतृत्व और मेलबर्न टेस्ट में जड़े गए यादगार शतक के दम पर चोटों से जूझ रही भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में 2-1 से हराकर इतिहास रचा था।अजिंक्य रहाणे का शालीन व्यवहार, संकटमोचक की भूमिका और विदेशी पिचों पर उनका साहसी खेल भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की यादों में हमेशा जीवंत रहेगा।
