एशिया कप 2025: पाकिस्तान की टीम और सैम अयूब का बेहद खराब प्रदर्शन
Pakistan vs Bangladesh, Super Fours : एशिया कप 2025 पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ। भारत से लगातार दो बार हारने के बाद बाकी टीमों के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। खासकर ओपनिंग बल्लेबाज़ सैम अयूब ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। टूर्नामेंट की शुरुआत में उन्हें बतौर सलामी बल्लेबाज़ उतारा गया, लेकिन लगातार असफल रहने पर उन्हें तीसरे नंबर पर भेजा गया। बावजूद इसके, उनका बल्ला बिल्कुल खामोश रहा।
लगातार डक पर आउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड
सैम अयूब का यह पहला मल्टीनेशन टूर्नामेंट है, लेकिन यहां उन्होंने रन बनाने के बजाय “डक कलेक्शन” का रिकॉर्ड कायम कर लिया। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही वे तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट हुए। चौथे मुकाबले में 21 रन की मामूली पारी खेलकर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन उसके बाद पांचवें मैच में केवल 2 रन ही बना पाए। बांग्लादेश के खिलाफ तो वे फिर से बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। अब तक इस टूर्नामेंट में उन्होंने 27 गेंदों में सिर्फ 23 रन बनाए हैं, जो उनके खराब फॉर्म की गवाही देता है।
अफरीदी से आगे, अब उमर अकमल पर नजर
सैम अयूब का अंतरराष्ट्रीय करियर अभी लंबा नहीं हुआ है, लेकिन डक पर आउट होने का उनका आंकड़ा दिग्गजों से आगे निकल चुका है।
-
शाहिद अफरीदी ने टी20 इंटरनेशनल में 90 पारियों में 8 बार डक पर आउट हुए थे।
-
सैम अयूब अब तक 45 पारियों में 9 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं।
इस तरह उन्होंने अफरीदी को पीछे छोड़ दिया है। अब उनके आगे सिर्फ उमर अकमल हैं, जो 79 पारियों में 10 बार डक पर आउट हुए। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि जल्द ही सैम अयूब उमर अकमल का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।
