Asia Cup Hockey 2025 : पटना में मुख्यमंत्री ने किया एशिया कप हॉकी 2025 के शुभंकर और ट्रॉफी का अनावरण
बता दें कि एशिया कप का यह 12वां संस्करण 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। यह पहली बार है जब बिहार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा – बिहार के लिए गर्व का अवसर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि,“बिहार में एशिया कप-2025 का आयोजन राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह आयोजन न केवल बिहार की खेल क्षमता को दुनिया के सामने रखेगा, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और कला को भी नई पहचान देगा।” उन्होंने बताया कि राजगीर में विश्वस्तरीय खेल परिसर का निर्माण किया गया है, जहाँ खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
शुभंकर ‘चांद’ का महत्व
आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ का प्रतीक है, जो साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का संदेश देता है।
-
इसका लाल लबादा उत्साह और शक्ति का प्रतीक है।
-
टोपी, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देती है।
-
‘चांद’ का नाम भी ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर इतिहास रचा।
-
यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व से भी प्रेरणा लेता है।
-
इसके सीने पर अंकित ‘पद्म भूषण’ चिन्ह मेजर ध्यानचंद को सम्मानित करता है।
शुभंकर सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि हॉकी के जज्बे, बिहार के गौरव और खेल भावना का संदेशवाहक है।
भाग लेने वाली टीमें
टूर्नामेंट में एशिया की 8 टीमें हिस्सा लेंगी –भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश।विजेता टीम को सीधे हॉकी विश्व कप 2026 में प्रवेश मिलेगा। अब तक दक्षिण कोरिया 5 बार, जबकि भारत और पाकिस्तान 3-3 बार चैंपियन रह चुके हैं।
ट्रॉफी गौरव यात्रा
17 अगस्त से शुरू हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ दिल्ली, ओडिशा, झारखंड, असम, चंडीगढ़ और चेन्नई तक पहुंचेगी। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाना और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी
हॉकी इंडिया के स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा, बिहार खेलों में लगातार तरक्की कर रहा है। राजगीर का अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए बनी आधुनिक सुविधाएँ वाकई सराहनीय हैं।” कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, हॉकी इंडिया अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, ओलंपिक खिलाड़ी, वरिष्ठ अधिकारी और कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर एशिया कप से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई।




