Asia Cup Rising Stars Tournament 2026 : पाकिस्तान टीम का ऐलान, इस दिन भारत से होगा महामुकाबला
Asia Cup Rising Stars Tournament 2026 : एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 नवंबर 2026 से होगी। पाकिस्तान शाहीन्स की कमान अब्दुल समद को सौंपी गई है। इस प्रतियोगिता में भारत ए और पाकिस्तान शाहीन्स के बीच भी मुकाबला खेला जाएगा, जिसका क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। भारतीय टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
50 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा टूर्नामेंट
इस बार एशिया कप राइजिंग स्टार्स का आयोजन वनडे प्रारूप में होगा, जिसमें मुकाबले 50-50 ओवर के खेले जाएंगे। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी है। टीम में ऐसे कई खिलाड़ी शामिल हैं, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी खेल चुके हैं।
पाकिस्तान की टीम में हसन नवाज, हैदर अली, माज सदाकत, शमील हुसैन और फरहान यूसुफ जैसे खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं, गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद हसनैन, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद और सुफियान मुकीम संभालेंगे।
पाकिस्तान शाहीन्स है डिफेंडिंग चैंपियन
पाकिस्तान शाहीन्स की टीम इससे पहले टी20 और वनडे प्रारूप में एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब जीत चुकी है। वर्ष 2023 में जब इस टूर्नामेंट का आयोजन वनडे प्रारूप में हुआ था, तब पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनी थी। इस बार भी टीम खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
22 नवंबर को भारत ए और पाकिस्तान शाहीन्स की भिड़ंत
टूर्नामेंट का आगाज 19 नवंबर से होगा, जबकि पाकिस्तान शाहीन्स अपना पहला मुकाबला 20 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 22 नवंबर को भारत ए और पाकिस्तान शाहीन्स के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला होगा। पाकिस्तान की टीम 25 नवंबर को नेपाल के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी।
पाकिस्तान को भारत, नेपाल और यूएई के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। दूसरे ग्रुप में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, हांगकांग और चीन की टीमें शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स के लिए पाकिस्तान शाहीन्स की टीम
अब्दुल समद (कप्तान), अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, दानिश अजीज, फरहान यूसुफ, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद इमरान, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साद मसूद, शाहजैब खान, शमील हुसैन और सुफियान मुकीम।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स के लिए भारत ए की टीम
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुश कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान।
