Asian Games 2026: दूसरे दिन भारत की शानदार शुरुआत, टेबल टेनिस में पाकिस्तान पर 2-0 की बढ़त
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पहले दिन भारत ने दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए थे। अब सोमवार, 21 सितंबर को खेलों के दूसरे दिन भी भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में पदक की दावेदारी पेश कर रहे हैं। दिन की शुरुआत भारत के लिए कई खेलों में सकारात्मक रही।
सबसे ज्यादा नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच टेबल टेनिस मुकाबले पर हैं। इसके अलावा शूटिंग, सेपकटकरा, वुशू, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी और कबड्डी में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान में उतर रहे हैं।
टेबल टेनिस में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की मजबूत शुरुआत
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टीम मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी ने पाकिस्तान की अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली है और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के करीब पहुंच गया है।आज भारत की पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीमें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उतर रही हैं।
सेपकटकरा में जापान को हराकर भारत की शुरुआत
सेपकटकरा में भारत ने जापान के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय पुरुष टीम ने रेगू ग्रुप मैच में जापान को 2-0 (15-13, 15-9) से हराया। पहले सेट में भारतीय टीम एक समय 5-10 से पीछे थी, लेकिन खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी करते हुए सेट 15-13 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी भारत ने दबदबा कायम रखा और 15-9 से जीत दर्ज की।
टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स में भी जीत
मिक्स्ड डबल्स के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत की जय मीणा और आध्या तिवारी की जोड़ी ने कंबोडिया की जोड़ी को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला मंगोलिया से होना है।
वुशू में न्येमन वांगसू पदक की दौड़ से बाहर
वुशू की महिलाओं की चांगक्वान स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। न्येमन वांगसू 9.573 अंक के स्कोर के साथ 14 खिलाड़ियों में 13वें स्थान पर रहीं और पदक की दौड़ से बाहर हो गईं।
आज इन खेलों पर रहेंगी नजरें
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत की कई स्पर्धाएं महत्वपूर्ण हैं। शूटिंग में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्रांक्ष पाटिल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।मिक्स मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल सेमीफाइनल मुकाबले में सिंगापुर की खिलाड़ी के खिलाफ उतरेंगी। वह पहले ही भारत के लिए एक पदक सुनिश्चित कर चुकी हैं और अब फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक की दावेदारी मजबूत करना चाहेंगी।
इसके अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला इंडोनेशिया से होगा। कबड्डी में भारतीय पुरुष टीम जापान और महिला टीम बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। बैडमिंटन में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि बॉक्सिंग में सुमित बुनजोंग सिंसिरी के खिलाफ रिंग में उतरेंगे। पहले दिन दो सिल्वर मेडल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों की नजरें अब दूसरे दिन पदकों की संख्या बढ़ाने पर हैं। कई महत्वपूर्ण मुकाबलों के नतीजे भारत के पदक अभियान के लिए अहम होंगे।
