Asian Games 2026: पाकिस्तानी कप्तान साहिबजादा फरहान का गोल्ड मेडल पर फोकस, बोले- सिर्फ भारत पर नहीं रहेगा ध्यान

Asian Games 2026: Pakistan captain Sahibzada Farhan focused on gold medal; says attention won't be solely on India.
 
Pakistan captain Sahibzada Farhan
Asian Games 2026:  जापान में आयोजित हो रहे एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप स्टेज मुकाबले जारी हैं। पाकिस्तान की टीम की कमान साहिबजादा फरहान के हाथों में है। टूर्नामेंट के लिए रवाना होने से पहले कप्तान ने अपनी टीम के लक्ष्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य गोल्ड मेडल जीतना है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम का पूरा ध्यान केवल भारत के खिलाफ मुकाबले पर नहीं रहेगा।

भारत और पाकिस्तान सीधे खेलेंगे क्वार्टर फाइनल

एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। भारतीय टीम का सामना ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत ग्रुप-बी की दूसरे स्थान की टीम से होगी।

ऐसे में दोनों टीमों की संभावित भिड़ंत को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में दिलचस्पी बनी हुई है। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने स्पष्ट किया कि उनकी टीम का लक्ष्य सिर्फ भारत को हराना नहीं, बल्कि टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल करना है।

खिलाड़ियों के अनुभव पर कप्तान ने दिया जवाब

एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जिस टीम का चयन किया है, उसमें कुछ ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्होंने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। इनमें आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद शामिल हैं।

टीम के अनुभव को लेकर साहिबजादा फरहान ने कहा कि चुने गए खिलाड़ी पूरी तरह अनुभवहीन नहीं हैं। उनके मुताबिक, खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद टीम में जगह बनाई है।

कप्तान ने अपनी बल्लेबाजी की तैयारियों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि वह आमतौर पर स्वीप या रिवर्स स्वीप जैसे शॉट्स का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते, लेकिन एशियन गेम्स के लिए आयोजित कैंप के दौरान उन्होंने इन शॉट्स पर काम किया है।

कप्तानी की जिम्मेदारी को लेकर नहीं है दबाव

साहिबजादा फरहान के पास टी20 क्रिकेट में कप्तानी का बहुत लंबा अनुभव नहीं है। उन्होंने 2023 सुपर एट नेशनल टी20 कप में पेशावर की टीम की तीन मैचों में कप्तानी की थी।पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम की कप्तानी मिलने को लेकर फरहान ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है और वह कप्तान की भूमिका को लेकर किसी अतिरिक्त दबाव में नहीं हैं। उनका कहना है कि वह बल्लेबाजी में उसी अंदाज को बनाए रखेंगे, जिस तरह अब तक खेलते आए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी अपने कप्तान के व्यवहार और प्रदर्शन को देखते हैं। इसलिए कप्तान के लिए जरूरी है कि वह मैदान पर उदाहरण पेश करते हुए टीम का नेतृत्व करे। फरहान ने कहा कि वह भी इसी सोच के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करेंगे।

Tags