Asian Games 2026: भारत-पाकिस्तान फाइनल बारिश में धुला तो किसे मिलेगा गोल्ड? जानें पूरा नियम
Pakistan vs India, Gold Medal Match, Asian Games 2026 ; एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराया, जबकि पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 6 विकेट से मात दी। अब दोनों टीमें 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले को लेकर बारिश की आशंका के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर फाइनल में बारिश के कारण खेल संभव नहीं हुआ और मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया, तो गोल्ड मेडल किस टीम को मिलेगा?
मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों को मिलेगा गोल्ड
2026 एशियन गेम्स के मौजूदा नियमों के अनुसार, पुरुष क्रिकेट के फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच पूरी तरह रद्द हो जाता है और मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकलता, तो भारत और पाकिस्तान दोनों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा।यानी ऐसी स्थिति में किसी एक टीम को विजेता घोषित करने के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग का सहारा नहीं लिया जाएगा। दोनों फाइनलिस्ट को संयुक्त स्वर्ण पदक मिलेगा।
ब्रॉन्ज मेडल मैच में भी यही नियम
यही व्यवस्था तीसरे स्थान के मुकाबले पर भी लागू होगी। ब्रॉन्ज मेडल के लिए श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होना है। यदि यह मैच भी बारिश के कारण रद्द हो जाता है और कोई नतीजा नहीं निकलता, तो दोनों टीमों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा।
2023 में अलग था नियम
पिछले एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के फाइनल में भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। उस समय बेहतर अंतरराष्ट्रीय टी20 रैंकिंग के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल दिया गया था।लेकिन एशियन गेम्स 2026 में फाइनल के लिए व्यवस्था अलग है। इस बार मैच का परिणाम नहीं निकलने पर रैंकिंग के आधार पर किसी एक टीम को विजेता घोषित करने के बजाय दोनों फाइनलिस्ट के बीच गोल्ड साझा किया जाएगा।
क्वार्टर फाइनल में रैंकिंग का था इस्तेमाल
2026 टूर्नामेंट में बारिश के कारण कुछ नॉकआउट मुकाबले प्रभावित हुए हैं। क्वार्टर फाइनल चरण में मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर वरीयता या रैंकिंग वाली टीम के आगे बढ़ने का प्रावधान इस्तेमाल किया गया। हालांकि फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले के लिए पदक साझा करने की व्यवस्था लागू है।एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट टी20 प्रारूप में खेला जा रहा है और भारत मौजूदा चैंपियन है।
भारत-पाकिस्तान फाइनल पर टिकी नजरें
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाना है। भारत की टीम श्रीयस अय्यर की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमों के सेमीफाइनल प्रदर्शन के बाद अब खिताबी मुकाबले पर सभी की नजरें हैं। मौसम की स्थिति इस मैच में अहम भूमिका निभा सकती है, क्योंकि मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है।ऐसे में अगर बारिश के कारण फाइनल में एक भी निर्णायक नतीजा नहीं निकलता है, तो भारत और पाकिस्तान दोनों संयुक्त रूप से एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीतेंगे।
