Asian Para Games 2026 : एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, आयुष वर्मा ने जीता स्वर्ण; प्रवीण कुमार ने बनाया गेम्स रिकॉर्ड
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन 21 अक्टूबर को आयुष वर्मा और प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। आयुष ने पुरुषों की शॉट पुट F53 स्पर्धा में 8.16 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जंप T44/64 स्पर्धा में 2.05 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। इसी स्पर्धा में बंटी ने रजत पदक हासिल किया।
इन उपलब्धियों के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पदकों की संख्या बढ़ाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयुष वर्मा ने पांचवें प्रयास में हासिल किया स्वर्ण
पुरुषों की शॉट पुट F53 स्पर्धा में आयुष वर्मा ने शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन किया। उनका पहला थ्रो 7.39 मीटर, दूसरा 7.42 मीटर और तीसरा 7.50 मीटर रहा। चौथे प्रयास में उन्होंने 7.92 मीटर की दूरी हासिल की। इसके बाद पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। उनका अंतिम प्रयास 7.54 मीटर का रहा।
ईरान के अलीरेजा हेमामी ने 8.09 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कलियेव 6.81 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
आयुष का इन एशियन पैरा गेम्स में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस तरह उन्होंने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
🥇 GOLD FOR BHARAT! 🇮🇳 Heartiest congratulations to Ayush Verma on clinching Gold in the Men’s Shot Put F53 Final at the Asian Para Games 2026 with an impressive throw of 8.16m! #Cheer4Bharat #AsianParaGames2026 https://t.co/uVK4N6H68f
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) October 21, 2026
वर्ष 2020 में शुरू किया था पैरा एथलेटिक्स का सफर
15 जुलाई 1991 को जन्मे आयुष वर्मा ने वर्ष 2020 में प्रतिस्पर्धी पैरा एथलेटिक्स में कदम रखा था। कोच रॉबिन कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने शॉट पुट की F53 श्रेणी में अपनी क्षमता को निखारा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन ने भारतीय पैरा एथलेटिक्स को नई उपलब्धि दिलाई है।
जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने भी लगातार दूसरी बार रजत पदक हासिल किया था। उन्होंने 27.45 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। वहीं, आयुष ने 17.88 मीटर का थ्रो करने के बाद रजा पॉइंट्स के आधार पर कांस्य पदक जीता था।
प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की छलांग लगाकर बनाया रिकॉर्ड
पुरुषों की हाई जंप T44/64 स्पर्धा में प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उनका यह प्रदर्शन गेम्स रिकॉर्ड भी रहा। इसी स्पर्धा में भारत के बंटी ने 1.92 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया।
उज्बेकिस्तान के तेमुर्बेक गियाजोव 1.86 मीटर की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल कर देश को दोहरी सफलता दिलाई।
एशियन पैरा गेम्स में आयुष वर्मा और प्रवीण कुमार की स्वर्णिम उपलब्धियों के साथ बंटी के रजत पदक ने भारतीय दल के प्रदर्शन को और मजबूत किया है। खिलाड़ियों की इन सफलताओं से देश में पैरा खेलों को लेकर उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
