Australia Test Squad: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, खराब फॉर्म के बावजूद लाबुशेन को मिला मौका

Australia announces squad for Test series against South Africa; Labuschagne gets the nod despite poor form.
 
Labuschagne

Australia Test Squad: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में सबसे ज्यादा चर्चा मार्नस लाबुशेन के चयन को लेकर है। लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे लाबुशेन को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर मौका दिया है। उनके अलावा कूपर कॉनोली, माइकल नेसर और मैथ्यू कुहनेमैन को भी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस महीने के अंत में साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे।

लगातार खराब प्रदर्शन के बावजूद लाबुशेन पर भरोसा

मार्नस लाबुशेन लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जुलाई 2023 के बाद से खेली गई उनकी पिछली 43 पारियों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत करीब 24 का रहा और वह एक भी शतक नहीं लगा सके।

खराब फॉर्म के कारण उन्हें जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम से भी बाहर किया गया था। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों में भी उन्होंने केवल 1, 31 और 4 रन बनाए थे। इसके बावजूद टेस्ट क्रिकेट में उनके अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा कायम रखा है। लाबुशेन के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती टेस्ट टीम में अपनी नंबर-3 की जगह को मजबूत करना होगी।

कूपर कॉनोली को भी मिला टेस्ट टीम में मौका

ऑस्ट्रेलिया ने कूपर कॉनोली को एक अतिरिक्त बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल किया है। कॉनोली ने अभी तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है और 21 पारियों में सिर्फ दो बार ही तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की है।

पिछले घरेलू सीजन में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भी उन्हें अपने आखिरी मुकाबले से बाहर रखा था। हालांकि जून में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में ओपनिंग करते हुए उन्होंने शानदार शतक जड़कर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस टीम में बैकअप बल्लेबाज और विकेटकीपर की भूमिका के लिए मौजूद रहेंगे।

चोट से वापसी कर रहे हैं माइकल नेसर

माइकल नेसर की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वह अगस्त की शुरुआत में ट्रेनिंग के दौरान लगी काफ इंजरी के कारण बाहर हो गए थे। अब पूरी तरह फिट होने के बाद उन्हें टीम में जगह दी गई है। नेसर को पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और स्कॉट बोलैंड के साथ पांचवें तेज गेंदबाज के विकल्प के तौर पर शामिल किया गया है। वहीं कैमरन ग्रीन और ब्यू वेबस्टर टीम में ऑलराउंडर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर।

लाबुशेन के पास वापसी का बड़ा मौका

लगातार खराब प्रदर्शन के बीच टेस्ट टीम में बरकरार रखा जाना लाबुशेन के लिए खुद को साबित करने का एक और बड़ा अवसर है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनके प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं के साथ-साथ क्रिकेट प्रशंसकों की भी नजरें रहेंगी। अब देखना होगा कि वह इस मौके का फायदा उठाकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी खोई हुई फॉर्म वापस हासिल कर पाते हैं या नहीं।

Tags