बीसीसीआई ने चयनकर्ताओं के लिए मांगे आवेदन, पुरुष समिति में दो और महिला समिति में चार पद खाली
बीसीसीआई ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि नए चयनकर्ता किन मौजूदा सदस्यों की जगह लेंगे या किस क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करेंगे। हालांकि, जानकारी के अनुसार पुरुष समिति में दक्षिण और मध्य क्षेत्र से चयनकर्ताओं की नियुक्ति होगी।दक्षिण क्षेत्र से एस. शरत का कार्यकाल पूरा हो चुका है और कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी जगह पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को चुना जा सकता है। वहीं, मध्य क्षेत्र से प्रतिनिधि कौन होगा, यह अभी तय नहीं है। वर्तमान में समिति में एस.एस. दास और सुब्रतो बनर्जी पूर्वी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
पश्चिम और उत्तर क्षेत्र के चयनकर्ताओं का कार्यकाल बढ़ाए जाने की संभावना है, क्योंकि हाल ही में अजीत अगरकर (पश्चिम) और अजय रात्रा (उत्तर) को समिति में शामिल किया गया था।
बीसीसीआई ने उम्मीदवारों के लिए पात्रता मानदंड भी जारी किए हैं
-
कम से कम 7 टेस्ट, 10 वनडे या 20 प्रथम श्रेणी मैच खेले हों।
-
कम से कम 5 वर्ष पहले संन्यास लिया हो।
-
बीसीसीआई की किसी भी क्रिकेट समिति में कुल मिलाकर 5 साल से अधिक समय तक सदस्य न रहे हों।
महिला चयन समिति
महिला चयन समिति में पाँच में से चार सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इनमें नीतू डेविड (अध्यक्ष), रेणु मार्ग्रेट, आरती वैद्य और कल्पना वेंकटचार शामिल हैं। पैनल की पाँचवीं सदस्य श्यामा डे शॉ अभी पद पर बने रहने की पात्र हैं।
महिला चयनकर्ताओं के लिए पात्रता शर्तें इस प्रकार हैं
-
आवेदक ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया हो।
-
कम से कम 5 वर्ष पहले संन्यास लिया हो।
-
बीसीसीआई की किसी भी समिति का 5 वर्ष से अधिक सदस्य न रहा हो।
