bharat ne mohsin nakvi se trophy lene se kiya inkar : भारत ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार, प्रेजेंटेशन सेरेमनी में नहीं पहुंची टीम
India Women vs Sri Lanka Women, Final, Women's Asia Cup 2026 -भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला टी20 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया, लेकिन इसके बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। खिताबी जीत के बाद भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। रिपोर्टों के मुताबिक, टीम प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए मैदान पर नहीं आई और ड्रेसिंग रूम में ही रही।
भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीता। मैच के बाद ट्रॉफी सौंपने के लिए नकवी मंच पर मौजूद थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इसके चलते पुरस्कार वितरण समारोह में देरी हुई।
बीसीसीआई के अधिकारी टीम के साथ मौजूद रहे
फाइनल मुकाबले में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। भारत की जीत के बाद दोनों अधिकारियों ने टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खिताबी जीत की बधाई दी। इसके बाद जब ट्रॉफी प्रेजेंटेशन का समय आया तो भारतीय टीम मंच पर नहीं पहुंची। रिपोर्टों के अनुसार, टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने के बजाय ड्रेसिंग रूम में रहना पसंद किया। वहीं श्रीलंकाई टीम ने उपविजेता के तौर पर अपने मेडल और पुरस्कार प्राप्त किए।
पहले से बन गई थी ऐसी स्थिति की संभावना
महिला एशिया कप के फाइनल से पहले ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि यदि भारत चैंपियन बनता है तो ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में नकवी की भूमिका को लेकर स्थिति क्या होगी। नकवी ACC अध्यक्ष होने के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख भी हैं। इससे पहले 2025 पुरुष एशिया कप के फाइनल में भी भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था।
इस बार भी वैसा ही घटनाक्रम देखने को मिला। भारतीय महिला टीम की ओर से ट्रॉफी स्वीकार नहीं किए जाने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी का स्वरूप बदल गया और खिताब जीतने वाली टीम मंच पर नहीं आई।
2025 के बाद दूसरी बार सामने आया ट्रॉफी विवाद
यह लगातार दूसरी बार है जब किसी भारतीय टीम ने एशिया कप जीतने के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया है। 2025 में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, लेकिन उस समय भी नकवी से ट्रॉफी लेने को लेकर विवाद हुआ था और भारतीय टीम ट्रॉफी के बिना ही जश्न मनाने के लिए मजबूर हुई थी।
महिला टीम के इस फैसले ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान क्रिकेट प्रशासन के बीच जारी तनाव को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, भारतीय टीम की ओर से इस घटनाक्रम पर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आना अभी बाकी है।
