WPL 2026 से पहले RCB और दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड बाहर
वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन की शुरुआत 9 जनवरी 2026 से होने जा रही है। सीजन शुरू होने से ठीक पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) को बड़ा झटका लगा है।
RCB की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की अनुभवी खिलाड़ी एनाबेल सदरलैंड भी आगामी WPL सीजन में खेलती नजर नहीं आएंगी। दोनों खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है।
RCB और दिल्ली कैपिटल्स ने रिप्लेसमेंट का किया ऐलान
एलिस पेरी के बाहर होने के बाद RCB ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर सायली सतघरे को टीम में शामिल किया है। सायली को 30 लाख रुपये की कीमत पर खरीदा गया है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने एनाबेल सदरलैंड की जगह ऑस्ट्रेलियाई लेग-स्पिनर अलाना किंग को टीम में शामिल किया है। अलाना किंग पिछले WPL सीजन में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल चुकी हैं। उन्होंने अब तक अपने करियर में 27 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट हासिल किए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 60 लाख रुपये में साइन किया है।
यूपी वॉरियर्स को भी झटका, तारा नॉरिस बाहर
इस बीच यूपी वॉरियर्स की टीम को भी बड़ा झटका लगा है। लेफ्ट-आर्म मीडियम पेसर तारा नॉरिस WPL 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। उन्हें 18 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक नेपाल में होने वाले ICC महिला T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर के लिए USA की राष्ट्रीय टीम में चुना गया है, जिसके चलते वह WPL से बाहर हो गई हैं।यूपी वॉरियर्स ने उनकी जगह अनकैप्ड ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है, जिन्हें 10 लाख रुपये की कीमत पर साइन किया गया है।
RCB के लिए एलिस पेरी का शानदार रिकॉर्ड
एलिस पेरी RCB की सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रही हैं। उन्होंने WPL के अब तक के तीनों सीजन में RCB का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान पेरी ने 25 मैचों में 64.80 के औसत से 972 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने 14 विकेट हासिल किए हैं।ऐसे में आगामी सीजन में RCB को एलिस पेरी की कमी निश्चित रूप से खलेगी।
