IPL 2027 से पहले बड़ा ट्रेड! मुंबई इंडियंस छोड़ पंजाब किंग्स में जा सकते हैं हार्दिक पांड्या

अर्शदीप सिंह के बदले हार्दिक को टीम में शामिल करने की चर्चा, मुंबई और पंजाब के बीच बातचीत निर्णायक दौर में पहुंचने की खबर

 
 हार्दिक पांड्या

IPL 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच एक बड़े ट्रेड को लेकर बातचीत चल रही है। इस संभावित डील में मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा बन सकते हैं, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक बातचीत निर्णायक दौर में पहुंच गई है। यदि यह ट्रेड पूरा होता है तो IPL 2027 से पहले इसे सबसे चर्चित खिलाड़ियों की अदला-बदली में गिना जा सकता है।

PTI की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स दोनों ही इस ट्रेड में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। IPL से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि दोनों टीमें इस डील को लेकर गंभीर हैं, लेकिन फिलहाल इसे अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

मुंबई इंडियंस में हार्दिक का दूसरा कार्यकाल उम्मीदों पर नहीं उतरा

हार्दिक पांड्या ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की थी। उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई और लंबे समय तक टीम का नेतृत्व करने वाले रोहित शर्मा की जगह जिम्मेदारी दी गई। हालांकि, कप्तान के रूप में उनका सफर उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस तीन सीजन में दो बार प्लेऑफ तक पहुंचने में नाकाम रही। 2026 का सीजन भी फ्रेंचाइजी के लिए निराशाजनक रहा। इसके बाद हार्दिक का नाम कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी जोड़ा गया था। अब पंजाब किंग्स के साथ संभावित ट्रेड की चर्चा तेज हो गई है।इस बीच ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि रोहित शर्मा IPL 2027 में एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाल सकते हैं।

अर्शदीप सिंह को छोड़ना पंजाब के लिए आसान नहीं

संभावित ट्रेड में पंजाब किंग्स को अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को छोड़ना पड़ सकता है। अर्शदीप लंबे समय से पंजाब की टीम से जुड़े हुए हैं। IPL में उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम में उनकी जगह मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई है।

अर्शदीप फिलहाल T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हालांकि, पंजाब किंग्स को अपनी गेंदबाजी मजबूत करने की जरूरत महसूस हो रही है। पिछले सीजन के दूसरे हाफ में टीम का गेंदबाजी विभाग कमजोर साबित हुआ था, जिसका असर उसके प्रदर्शन पर पड़ा।2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स दूसरे हाफ में लड़खड़ा गई और प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। ऐसे में फ्रेंचाइजी नीलामी और ट्रेड के जरिए अपनी टीम को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

श्रेयस अय्यर ही रहेंगे पंजाब किंग्स के कप्तान!

पंजाब किंग्स ने पिछले दो सीजन में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने पिछले साल 2014 के बाद पहली बार IPL फाइनल में जगह बनाई थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी आगामी सीजन में भी श्रेयस को कप्तान बनाए रखने की योजना में है।

IPL सूत्र के मुताबिक, टीम के कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर नीलामी से पहले गेंदबाजी विभाग को मजबूत करना चाहते हैं। यदि हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स से जुड़ते हैं तो उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, बल्कि वह खिलाड़ी के रूप में टीम का हिस्सा होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंचाइजी की ओर से यह बात पहले ही स्पष्ट कर दी गई है।फिलहाल हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर चल रही ट्रेड बातचीत पर अंतिम फैसला आना बाकी है। ऐसे में IPL 2027 से पहले दोनों टीमों के अगले कदम पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।

Tags