Commonwealth Games 2026 Para Athletics : दिलिप गावित ने रचा इतिहास! 100 मीटर रेस में भारत को दिलाया गोल्ड, मोहम्मद बेसिल ने जीता सिल्वर

CWG 2026: Dilip Gavit makes history! Wins gold for India in the 100m race; Mohammed Basil wins silver.
 
Commonwealth Games 2026 Para Athletics : दिलिप गावित ने रचा इतिहास! 100 मीटर रेस में भारत को दिलाया गोल्ड, मोहम्मद बेसिल ने जीता सिल्वर

Commonwealth Games 2026 Para Athletics: ग्लासगो में खेले जा रहे राष्ट्रमंडल खेल (CWG 2026) का सातवां दिन भारत के लिए ऐतिहासिक और सुनहरी सफलता लेकर आया। एथलेटिक्स ट्रैक पर भारत के 23 वर्षीय पैरा-एथलीट दिलिप महादु गावित ने T47 कैटेगरी की 100 मीटर स्प्रिंट में हैरतअंगेज रफ्तार दिखाते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर लिया।

इसी रेस में भारत के ही मोहम्मद बेसिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) हासिल किया। एथलेटिक्स स्प्रिंट के किसी फाइनल में एक साथ दो भारतीयों का पहला और दूसरा स्थान हासिल करना भारतीय खेल इतिहास के सबसे यादगार पलों में दर्ज हो गया है। इस दोहरे पदक के साथ भारत के पदकों की कुल संख्या 15 (3 गोल्ड) पर पहुंच गई है।

आखिरी 30 मीटर में बदली पूरी तस्वीर

ग्लासगो के स्कॉटस्टन स्टेडियम में आयोजित फाइनल की शुरुआत में दिलीप गावित शीर्ष दावेदारों में नजर नहीं आ रहे थे। शुरुआती चरण में भारत के मोहम्मद बेसिल और इंग्लैंड के केविन सैंटोस ने बढ़त बना रखी थी।लेकिन अंतिम 30 मीटर में दिलीप ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी और पांचवें स्थान से सीधे पहले स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने 10.71 सेकंड का समय निकालते हुए न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि इस वर्ग में कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना दिया।

वहीं, दूसरे स्थान के लिए मोहम्मद बेसिल और केविन सैंटोस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। फोटो फिनिश में बेसिल ने मामूली अंतर से बाजी मारते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

महाराष्ट्र के नासिक जिले के रहने वाले दिलीप महादु गावित का जीवन चुनौतियों से भरा रहा है। बचपन में पेड़ से गिरने के बाद गंभीर चोट लगने के कारण उनका दायां हाथ काटना पड़ा। इस हादसे के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेल को अपना लक्ष्य बनाया।स्थानीय कोच के मार्गदर्शन में उन्होंने स्प्रिंटिंग की शुरुआत की और धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2019 में वह खेलो इंडिया में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

400 मीटर से 100 मीटर तक का सफल सफर

दिलीप ने 2023 के हांगझू पैरा एशियन गेम्स में T47 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।इसके बाद उन्होंने 100 मीटर स्पर्धा पर फोकस करने का फैसला किया। यह निर्णय उनके लिए बेहद सफल साबित हुआ और अब उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपने करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली।

भारत के लिए दोहरी खुशी

इस प्रतियोगिता में भारत ने गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक अपने नाम किए। दिलीप गावित के स्वर्ण और मोहम्मद बेसिल के रजत पदक ने पैरा एथलेटिक्स में भारत की मजबूत मौजूदगी को एक बार फिर साबित किया और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के पदक अभियान को नई मजबूती दी।

Tags