DC vs RCB IPL 2026 : दिल्ली कैपिटल्स की शर्मनाक हार पर बोले कप्तान अक्षर पटेल क्रिकेट में अगर-मगर की जगह नहीं'
पावरप्ले में ही 'सरेंडर' कर बैठी दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी आरसीबी के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह असहाय नजर आई। भुवनेश्वर कुमार की धारदार स्विंग और जोश हेजलवुड की सटीक बाउंसरों का आलम यह था कि पावरप्ले खत्म होने से पहले ही दिल्ली ने सिर्फ 9 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यह इस सीजन का सबसे कम स्कोर भी साबित हुआ, जिसे आरसीबी ने महज 6.3 ओवर में 9 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया।
"क्रिकेट में अगर-मगर की कोई जगह नहीं"
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कप्तान अक्षर पटेल ने अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा सच कहूँ तो मुझे भी नहीं पता कि आखिर क्या हुआ। क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और आपको हमेशा सतर्क रहना होता है। आज हमारा दिन बेहद खराब था, लेकिन खेल में 'अगर और मगर' के लिए कोई जगह नहीं होती। अगर हमने पिछले मैचों में कैच पकड़े होते या करीब आकर मैच न गंवाए होते, तो शायद मोमेंटम हमारे पास होता।"
आरसीबी के गेंदबाजों की तारीफ
पिच के व्यवहार पर सवाल पूछे जाने पर अक्षर ने स्पष्ट किया कि पिच में कोई खराबी नहीं थी। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों को श्रेय देते हुए कहा, "मुझे स्विंग देखकर हैरानी नहीं हुई। भुवनेश्वर और हेजलवुड वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं और वे हर मैदान पर गेंद को मूव कराना जानते हैं। अगर हमारा टॉप ऑर्डर शुरुआती झटकों को झेल लेता, तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।"
लगातार तीसरी हार और भविष्य की चुनौती
यह दिल्ली कैपिटल्स की लगातार तीसरी हार है, जिसने टीम के प्लेऑफ की राह को मुश्किल बना दिया है। कप्तान ने टीम से सकारात्मक रहने और पिछले 5-6 मैचों की अच्छी यादों के साथ आगे बढ़ने की अपील की है। दिल्ली कैपिटल्स को अब इस करारी हार के सदमे से उभरकर 1 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ उनके घर (जयपुर) में भिड़ना है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली की टीम इस 'ब्लैकआउट' से बाहर निकलकर वापसी कर पाती है या नहीं।
