Deepti Sharma Landmark: 150 टी20I मैच खेलने वाली तीसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं दीप्ति शर्मा, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर
दीप्ति ने 2016 में भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम में अपनी महत्वपूर्ण जगह बनाई। 150 मैचों के आंकड़े तक पहुंचने से पहले उनके नाम 149 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 1,270 रन और 168 विकेट दर्ज थे।
सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाली भारतीय महिलाएं
- हरमनप्रीत कौर – 203 मैच
- स्मृति मंधाना – 172 मैच
- दीप्ति शर्मा – 150 मैच
- जेमिमा रोड्रिग्स – 131 मैच
- शेफाली वर्मा – 112 मैच
विकेटों के मामले में भी रच सकती हैं इतिहास
दीप्ति शर्मा सिर्फ मैचों की संख्या में ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी भारतीय क्रिकेट की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह भारत की ओर से महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। एशिया कप के मुकाबले में उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका था। थाईलैंड की स्पिन गेंदबाज थिपाचा पुथावोंग के नाम 169 विकेट थे, जबकि दीप्ति 168 विकेट के साथ उनके बेहद करीब थीं। ऐसे में दो विकेट हासिल करते ही दीप्ति महिला T20I क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने की स्थिति में थीं।
एशिया कप में भारत का अभियान शुरू
थाईलैंड ने मुकाबले में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इस मुकाबले के साथ युवा बल्लेबाज प्रतिका रावल ने भी भारत के लिए अपना T20I डेब्यू किया। वहीं, दीप्ति शर्मा के 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच ने भारतीय महिला टीम के एशिया कप अभियान की शुरुआत को और खास बना दिया। दीप्ति का यह मुकाम भारतीय महिला क्रिकेट में उनकी निरंतरता, फिटनेस और ऑलराउंड प्रदर्शन का प्रमाण है।
