DPL 2025 : डेब्यू मैच में चमके वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर, दिखी पिता जैसी झलक
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 में क्रिकेट फैन्स को वीरेंद्र सहवाग की बल्लेबाजी की झलक उनके बेटे आर्यवीर सहवाग में देखने को मिली। महज 17 साल की उम्र में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए डेब्यू करते हुए उन्होंने ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ 27 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में दमदार प्रदर्शन किया।
A brilliant debut by Aaryavir Sehwag in the Delhi Premier League! 🏏
— Delhi Premier League T20 (@DelhiPLT20) August 27, 2025
Aaryavir Sehwag | East Delhi Riders | Central Delhi Kings | Anuj Rawat | Jonty Sidhu | #DPL2025 #DPP #AdaniDPL2025 #Delhi pic.twitter.com/Dxs5E2uFqu
डेब्यू मैच में 22 रन और शानदार कैच
ओपनर के रूप में उतरे आर्यवीर ने शुरुआत में धैर्य दिखाया। पहले चार गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाने के बाद उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी पर लगातार दो चौके जड़े। उनकी कवर ड्राइव शॉट ने दर्शकों को उनके पिता सहवाग की याद दिला दी। इसके बाद उन्होंने युवा स्पिनर रौनक वाघेला को भी निशाना बनाया और लगातार दो चौके लगाए। हालांकि उसी ओवर में 22 रन बनाकर वे आउट हो गए।
फील्डिंग में भी आर्यवीर ने कमाल दिखाया और ईस्ट दिल्ली के ओपनर सुजल सिंह का शानदार कैच पकड़कर सभी को प्रभावित किया।
ईस्ट दिल्ली की पारी ध्वस्त
पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने युगल सैनी (32 गेंदों में 52 रन) की ताबड़तोड़ पारी की मदद से 155 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली की टीम सिर्फ 93 रन पर ऑल आउट हो गई। तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।
आर्यवीर का अब तक का सफर
आर्यवीर सहवाग जूनियर स्तर पर पहले ही अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कूच बिहार ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 टीम की ओर से मेघालय के खिलाफ शानदार 297 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा वे दिल्ली अंडर-16 और अंडर-19 टीमों के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं।
सेंट्रल दिल्ली अंक तालिका में शीर्ष पर
डीपीएल नीलामी के दौरान सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आर्यवीर को 8 लाख रुपये में खरीदा था। उन्हें टीम में मौका तब मिला जब दिल्ली के सीनियर बल्लेबाज यश धुल दलीप ट्रॉफी खेलने के लिए रिलीज कर दिए गए।
फिलहाल सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 10 में से 7 मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम अब 29 अगस्त को क्वालिफायर-1 में एक बार फिर ईस्ट दिल्ली राइडर्स से भिड़ेगी।
