Duleep Trophy 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, ईस्ट जोन के बने उप-कप्तान; ईशान किशन संभालेंगे कमान

Duleep Trophy 2026: 15-year-old Vaibhav Suryavanshi handed major responsibility, named East Zone vice-captain; Ishan Kishan to lead the team.
 
Vaibhav Suryavanshi

Duleep Trophy East Zone Squad: भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाले समस्तीपुर (बिहार) के इस युवा बल्लेबाज को आगामी दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट जोन (East Zone) का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि दलीप ट्रॉफी में पहली बार चुने जाने के साथ ही वैभव को सीधे लीडरशिप ग्रुप में शामिल कर उप-कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, टीम की कप्तानी भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है।

23 अगस्त से शुरू होगा घरेलू सीजन

भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन 2026-27 का आगाज आगामी 23 अगस्त से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में दलीप ट्रॉफी के साथ होने जा रहा है। ईस्ट जोन की 15 सदस्यीय टीम में दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हुई है, जबकि मुकेश कुमार और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी इस मजबूत स्क्वॉड का हिस्सा हैं।

 15 साल की उम्र में रचा इतिहास, बिहार के इकलौते खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी ईस्ट जोन के 15 सदस्यीय स्क्वॉड में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) से चुने जाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। महज 15 साल की उम्र में रेड-बॉल क्रिकेट में ईस्ट जोन का उप-कप्तान बनना उनके बेमिसाल टैलेंट और मैच्योरिटी को दर्शाता है। इससे पहले उन्हें बिहार की रणजी टीम का भी उप-कप्तान बनाया जा चुका है।

 ईशान किशन के हाथों में कमान, शमी की मौजूदगी से तेज गेंदबाजी मजबूत

झारखंड को अपनी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने वाले ईशान किशन के लिए यह टूर्नामेंट टीम इंडिया में वापसी के लिहाज से बेहद अहम होगा। टीम में मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती पेश करेगी।

 दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट जोन का पूरा स्क्वॉड

ईस्ट जोन टीम: ईशान किशन (कप्तान, झारखंड), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान, बिहार), मोहम्मद शमी (बंगाल), अभिमन्यु ईश्वरन (बंगाल), शाहबाज अहमद (बंगाल), सुदीप घारामी (बंगाल), सूरज सिंधु जायसवाल (बंगाल), मुकेश कुमार (बंगाल), कुमार कुशाग्र (झारखंड), शिखर मोहन (झारखंड), अनुकूल रॉय (झारखंड), विराट सिंह (झारखंड), सुभ्रांशु सेनापति (ओडिशा), डेनिश दास (अरुणाचल प्रदेश), अभिजीत सरकार (त्रिपुरा)।

Tags