कारगिल विजय दिवस पर बलिदानियों के परिवारों को किया गया सम्मानित, वीर जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
लखनऊ डेस्क (आर एल पाण्डेय)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कन्नौज में वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवारों को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वीर नारियों, शहीदों के परिजनों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अवध प्रांत के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अपने पैतृक जिले कन्नौज में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें वीर बलिदानियों को नमन करने का अवसर मिला।
अमर जवान ज्योति पर अर्पित किए गए श्रद्धासुमन
कार्यक्रम की शुरुआत कन्नौज स्थित अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर सिखलाई रेजीमेंटल केंद्र के कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट, कन्नौज के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एडम बटालियन के कमांडिंग अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, पूर्व सैनिकों और अन्य गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अगले चरण में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में बलिदानियों के परिवारों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया। कमांडेंट सिखलाई रेजीमेंटल केंद्र द्वारा शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके योगदान और त्याग को याद किया गया।इस दौरान वीर सैनिकों ने कारगिल युद्ध से जुड़े अनुभवों और देश की रक्षा में जवानों की भूमिका पर संक्षिप्त वक्तव्य भी दिए।
देशभक्ति के नारों के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। भोजन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी ने देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
