FIH Hockey World Cup 2026: 19 अगस्त को होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, वर्ल्ड कप के लिए पाक टीम की घोषणा
FIH Men's Hockey World Cup 2026 Pakistan Squad: एफआईएच (FIH) पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने 20 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम और सपोर्ट स्टाफ का ऐलान कर दिया है। नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित और हाई-वोल्टेज मुकाबला 19 अगस्त 2026 को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।
अबू बकर को सौंपी गई टीम की कमान
विश्व कप से पहले पाकिस्तान टीम की कप्तानी में बदलाव किया गया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने अनुभवी मिडफील्डर अम्माद बट को कप्तानी से हटाकर अबू बकर को नया कप्तान नियुक्त किया है। हालांकि, अम्माद बट टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में विश्व कप अभियान का हिस्सा बने रहेंगे। फेडरेशन ने विश्वास जताया है कि अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलन के साथ पाकिस्तान की टीम विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
पाकिस्तान का कार्यक्रम
पूल डी में शामिल पाकिस्तान अपना अभियान 15 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ शुरू करेगा। इसके बाद 17 अगस्त को उसका मुकाबला वेल्स से होगा, जबकि 19 अगस्त को उसकी भिड़ंत चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत से होगी। पूल डी में भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स की टीमें शामिल हैं।
पाकिस्तान की 20 सदस्यीय टीम
पाकिस्तान के विश्व कप दल में वकार, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, मोइन शकील, अब्दुल वहीद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, इमाद शकील बट, मुहम्मद हमादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू बकर महमूद, अली रजा, अब्दुल मटन और मुहम्मद इमाद शामिल हैं।
गोलकीपर: वकार और अली रजा।
सपोर्ट स्टाफ
टीम मैनेजमेंट में मुहम्मद ओवैस करनी टीम मैनेजर की भूमिका निभाएंगे। मुख्य कोच बॉब जोहान वेल्डहोफ (नीदरलैंड्स) हैं, जबकि क्रिस्टोफर जॉन बोवेन (ग्रेट ब्रिटेन) और अदनान जाकिर सहायक कोच होंगे। वीडियो विश्लेषण की जिम्मेदारी अशरफ सुल्तान संभालेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला विश्व हॉकी के सबसे चर्चित मुकाबलों में गिना जाता है। दोनों टीमें विश्व कप में महत्वपूर्ण अंक हासिल करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेंगी, जिससे यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
