Finn Allen का महा-तूफान: ईडन गार्डन्स में टूटा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका को रौंदकर न्यूजीलैंड फाइनल में

ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर आज जो हुआ, उसे क्रिकेट इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। फिन एलन के बल्ले से निकले उस 'तूफान' ने न केवल साउथ अफ्रीका के फाइनल के सपने को चकनाचूर कर दिया, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास को भी बदल कर रख दिया।
 
Finn Allen
South Africa vs New Zealand, 1st Semi-Fina  : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में कीवी ओपनर फिन एलन ने वो कर दिखाया जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की थी। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने फिन एलन की ऐतिहासिक पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से धूल चटाकर शान से फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

क्रिस गेल का 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

फिन एलन ने कोलकाता के मैदान पर चौकों-छक्कों की ऐसी बारिश की कि साउथ अफ्रीका का 169 रनों का स्कोर बौना नजर आने लगा। एलन ने महज 33 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने का क्रिस गेल (47 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।यह किसी फुल-मेंबर देश के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल (T20I) में भी सबसे तेज शतक है।

पॉवरप्ले में ही तय हो गई थी जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत विध्वंसक रही। फिन एलन और टिम सीफर्ट ने पहले ओवर से ही अफ्रीकी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया:

  • 5 ओवर: न्यूजीलैंड का स्कोर 62/0।

  • 8 ओवर: स्कोर 103/0 (एलन ने मात्र 19 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की)।

  • 10 ओवर: टिम सीफर्ट के आउट होने के बाद भी एलन का बल्ला नहीं रुका।

12.5 ओवर में मैच खत्म, दक्षिण अफ्रीका बेबस

10 ओवर के बाद एलन और भी खूंखार हो गए। उन्होंने अगली 14 गेंदों पर 50 रन कूट डाले। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 170 रनों का लक्ष्य मात्र 12.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीका का कोई भी गेंदबाज एलन के सामने टिक नहीं सका।

T20I इतिहास के सबसे तेज शतक (33 या उससे कम गेंदें)

गेंदें खिलाड़ी साल
27 साहिल चौहान 2024
29 मुहम्मद फहद 2025
33 फिन एलन 2026
33 जान निकोल लॉफ्टी-ईटन 2024
33 सिकंदर रजा 2024

फाइनल का टिकट पक्का

इस धमाकेदार जीत के साथ न्यूजीलैंड अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुँचने वाली पहली टीम बन गई है। साउथ अफ्रीका के लिए यह हार किसी बुरे सपने से कम नहीं है, क्योंकि वे पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने के बाद सेमीफाइनल में फिन एलन के कहर का शिकार हो गए।

Tags