GT vs RR IPL Qualifier 2: शुभमन गिल के शतक से गुजरात टाइटंस की धमाकेदार जीत, राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से रौंदकर फाइनल में मारी एंट्री
वैभव सूर्यवंशी चमके, राजस्थान ने बोर्ड पर टांगे 214 रन
इस नॉकआउट मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 10 रनों के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। यशस्वी जायसवाल (1 रन) और ध्रुव जुरेल (7 रन) सस्ते में आउट होकर चलते बने।
शुरुआती झटकों के बाद युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और अनुभवी रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 127 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की। बल्लेबाजी के दौरान जडेजा चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट भी हुए, लेकिन उन्होंने 35 गेंदों में नाबाद 45 रनों की जुझारू पारी खेली। अंत में डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में 38 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम के स्कोर को गति दी। राजस्थान के लिए एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए शानदार 96 रन बनाए, हालांकि वे अपने शतक से चूक गए। राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 214 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गिल का कप्तानी शतक और सुदर्शन का साथ, गुजरात की आसान जीत
215 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को उनके सलामी बल्लेबाजों ने वैसी ही शुरुआत दिलाई जिसकी टीम को जरूरत थी। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए 167 रनों की रिकॉर्डतोड़ और मैच जिताऊ साझेदारी हुई। साई सुदर्शन एक बार फिर बदकिस्मत रहे और हिट विकेट आउट होने से पहले उन्होंने 32 गेंदों में 58 रनों की आतिशी पारी खेली।
दूसरी छोर पर खड़े कप्तान शुभमन गिल ने सामने से टीम का नेतृत्व किया और मैदान के चारों तरफ रनों की बौछार कर दी। गिल ने महज 53 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 104 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर 9 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अनुभवी जोस बटलर (नाबाद 9) और राहुल तेवतिया (नाबाद 17) ने मिलकर 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर गुजरात को एक ऐतिहासिक जीत दिला दी।
