CPL 2025 : गयाना अमेज़न वॉरियर्स ने सेंट किट्स को 5 विकेट से हराया
St Kitts and Nevis Patriots vs Guyana Amazon Warriors 2nd Match : कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) के दूसरे मुकाबले में गयाना अमेज़न वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट किट्स को 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ गयाना ने टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया।
सेंट किट्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 153 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर और ओपनर आंद्रे फ्लेचर ने 41 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल सके।
गयाना के गेंदबाजों ने सटीक प्रदर्शन किया। प्रिटोरियस ने 4 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, शमार जोसेफ ने 4 ओवर में केवल 25 रन देकर 1 विकेट लिया। रोमारियो शेफर्ड (3 ओवर, 17 रन, 1 विकेट), कप्तान इमरान ताहिर (4 ओवर, 29 रन, 2 विकेट) और गुडाकेश मोती (4 ओवर, 20 रन, 1 विकेट) ने भी अहम योगदान दिया।
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गयाना अमेज़न वॉरियर्स ने दमदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज बेन मैक्डॉरमोट ने 39 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्के लगाकर 75 रन बनाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने टीम की जीत की नींव रखी। इसके बाद शाई होप ने नाबाद 56 रन (39 गेंद) की पारी खेली और टीम को 17.2 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
गयाना ने 5 विकेट खोकर 154 रन बनाते हुए यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया। सेंट किट्स की ओर से अब्बास अफरीदी ने 2 विकेट लिए, जबकि फजलहक फारूकी, नसीम शाह और वकार सलामखिल को 1-1 सफलता मिली।
