Hockey Asia Cup 2025 : भारत ने जीता हॉकी एशिया कप 2025, दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया
भारतीय टीम के लिए दिलप्रीत सिंह ने दो गोल, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल दागा। वहीं, कोरिया की ओर से एकमात्र गोल सोन डियोन ने किया।
भारत की जोरदार शुरुआत
फाइनल की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के सिर्फ 29वें सेकंड में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 28वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने शानदार गोल करके बढ़त को 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक भारत 2-0 से आगे था।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी दबदबा
तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। वहीं चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने गोल कर बढ़त को 4-0 तक पहुंचा दिया। हालांकि, कोरिया के सोन डियोन ने एक गोल करके स्कोर 4-1 किया, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबला मजबूती से जीत लिया।
8 साल बाद एशियन चैंपियन, वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई
इस जीत के साथ भारत ने चौथी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया और साथ ही हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई भी कर लिया। यह खिताबी जीत भारत के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि टीम ने 8 साल बाद फिर से एशियन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
