ICC Men's T20 World Cup 2026: वानखेड़े में छक्कों की बरसात, 12 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
वेस्टइंडीज का विस्फोटक प्रदर्शन, 254 रन का पहाड़
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान Sikandar Raza ने वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, जो उनकी टीम पर भारी पड़ गया। कैरेबियाई बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 20 ओवर में 254 रन ठोक डाले। यह इस संस्करण का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर साबित हुआ। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। इस तरह वेस्टइंडीज ने 107 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।
एक मैच में 31 छक्के, टूटा 2014 का रिकॉर्ड
इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत रही छक्कों की बारिश। वेस्टइंडीज ने अपनी पारी में 19 छक्के जड़े और 2014 में नीदरलैंड्स द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्कों की बराबरी कर ली। जवाब में जिम्बाब्वे ने भी 12 छक्के लगाए।इस तरह पूरे मैच में कुल 31 सिक्स लगे, जो टी20 विश्व कप इतिहास में एक मुकाबले में सर्वाधिक हैं। इससे पहले 2014 में आयरलैंड बनाम नीदरलैंड्स मैच में कुल 30 छक्के लगे थे। करीब 12 साल बाद यह रिकॉर्ड टूट गया।
वेस्टइंडीज की लगातार पांचवीं जीत
वेस्टइंडीज के लिए यह जीत कई मायनों में खास रही। टीम की इस सीजन में यह लगातार पांचवीं जीत है, जो उनके अभियान की अब तक की सबसे लंबी जीतों की श्रृंखला बन गई है। दिलचस्प तथ्य यह भी है कि वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के अपने पांचों मुकाबलों में वेस्टइंडीज को जीत मिली है। ऐसे में यह मैदान अब उनके लिए ‘लकी वेन्यू’ साबित हो रहा है।
