ICC T20 World Cup 2026: बांग्लादेश बाहर, क्या पाकिस्तान भी करेगा बहिष्कार?
जानिए विश्व कप के शेड्यूल और टीमों को लेकर ताज़ा स्थिति
ICC T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में अगले महीने होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश क्रिकेट टीम आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी टीम भारत भेजने के लिए तैयार नहीं है, जिसके चलते बांग्लादेश का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है। बांग्लादेश के बाहर होते ही क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है, खासकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या वह भी विश्व कप से दूरी बना सकती है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब तक नहीं किया स्क्वॉड का ऐलान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जबकि आईसीसी नियमों के अनुसार टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले स्क्वॉड का ऐलान करना अनिवार्य होता है।टी20 विश्व कप का पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाना है, ऐसे में स्क्वॉड घोषणा की अंतिम तिथि 7 जनवरी थी, जो बीत चुकी है। इसके बावजूद पीसीबी की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।
बांग्लादेश के समर्थन में दिखा था पाकिस्तान का रुख
पाकिस्तान टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रस्तावित सीरीज की तैयारियों में जुटी है, लेकिन उसके लिए भी अब तक टीम घोषित नहीं की गई है।सूत्रों के अनुसार, पीसीबी के भीतर यह चर्चा थी कि यदि बांग्लादेश विश्व कप का बहिष्कार करता है तो पाकिस्तान भी इसी रास्ते पर जा सकता है।बीते कुछ समय में पाकिस्तान की ओर से ऐसे कई अप्रत्यक्ष बयान सामने आए थे, जिनसे संकेत मिलता था कि वह बांग्लादेश के विश्व कप न खेलने के फैसले का समर्थन कर रहा है।
एक-दो दिन में साफ होगा पाकिस्तान का फैसला
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम की घोषणा के साथ ही पीसीबी का रुख भी साफ हो जाएगा।अगर टीम का ऐलान केवल ऑस्ट्रेलिया सीरीज तक सीमित रहता है, तो इसे विश्व कप बहिष्कार की दिशा में कदम माना जा सकता है। वहीं, अगर उसी घोषणा में विश्व कप स्क्वॉड भी शामिल किया जाता है, तो पाकिस्तान का खेलना लगभग तय माना जाएगा।
शेड्यूल में बदलाव की संभावना नहीं, स्कॉटलैंड को मिलेगा मौका
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का शेड्यूल बदलेगा?इसकी संभावना बेहद कम है।टूर्नामेंट शुरू होने में अब केवल करीब 15 दिन का समय बचा है और ऐसे में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं की जा रही।सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम को विश्व कप में शामिल किया जाएगा और वही उन मुकाबलों में खेलेगी जो पहले बांग्लादेश को खेलने थे। हालांकि, इस पर आईसीसी की आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार किया जा रहा है, जो जल्द ही सामने आ सकती है।
