ICC Women ODI World Cup 2025 : भारतीय टीम का शानदार आगाज, ट्रेनिंग सेशन में घटी अनोखी घटना
ICC Women ODI World Cup 2025 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत विजयी अंदाज में की है। टीम इंडिया ने अपने पहले ही मुकाबले में श्रीलंका को डीएलएस नियम के तहत 59 रनों से हराकर दमदार संदेश दिया। अब ब्लू ब्रिगेड अपना दूसरा मैच 5 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलने उतरने वाली है।
टीम इंडिया 2 अक्टूबर को ही श्रीलंका पहुंच गई थी। इसके अगले दिन यानी 3 अक्टूबर को जब खिलाड़ियों का पहला ट्रेनिंग सेशन स्टेडियम में हुआ, तो एक अप्रत्याशित घटना ने सबको चौंका दिया।
अभ्यास सत्र में सांप की एंट्री
प्रैक्टिस के दौरान अचानक मैदान में एक सांप दिखाई दिया। इस नज़ारे को देखकर खिलाड़ी हैरान तो हुए, लेकिन डरे नहीं। जानकारी के मुताबिक यह गरंडिया प्रजाति का सांप था, जो जहरीला नहीं होता और सामान्यतः चूहों की तलाश में नालियों या स्टैंड के आसपास घूमता है। उस वक्त भारतीय खिलाड़ी नेट्स की ओर जा रहे थे और उन्होंने सांप को उत्सुकता के साथ देखा। मैदान के अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि यह प्रजाति इंसानों के लिए हानिरहित है।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा
अब फोकस भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर है। आंकड़ों की बात करें तो वनडे क्रिकेट में भारतीय महिला टीम का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 11 मुकाबले खेले गए हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है।
जहां भारत ने वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत के साथ की है, वहीं पाकिस्तान की महिला टीम अपने पहले मैच में बांग्लादेश से 7 विकेट से हार गई थी। ऐसे में भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ होकर मैदान में उतरेगी और अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने का प्रयास करेगी।
