IND vs PAK : ट्रॉफी विवाद पर BCCI का सख्त रुख, कहा ICC में करेंगे विरोध दर्ज

IND vs PAK: BCCI takes a tough stand on the trophy dispute, says it will lodge a protest with the ICC
 
मोहसिन नकवी एशिया कप ट्रॉफी के साथ-साथ टीम इंडिया के मेडल लेकर भी चले गए

India vs Pakistan, Final :   एशिया कप 2025 के समापन के बाद भी भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। फाइनल मुकाबले में जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया, जिसके चलते मैदान पर लंबे समय तक विवाद खड़ा रहा। नकवी खिलाड़ियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी मंच पर नहीं पहुंचा और अंततः वे ट्रॉफी व मेडल लेकर होटल लौट गए।

BCCI ने जताई कड़ी आपत्ति

इस घटना पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कड़ा रुख अपनाया है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट कहा कि नवंबर में होने वाली ICC मीटिंग में नकवी के खिलाफ औपचारिक विरोध दर्ज कराया जाएगा।

सैकिया ने कहा भारत ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता, जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है। खिलाड़ियों का ट्रॉफी लेने से इनकार करना बिल्कुल सही था, लेकिन नकवी का ट्रॉफी और मेडल लेकर चले जाना बेहद बचकाना और अप्रत्याशित है। हम इस पर ICC में कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।”

टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन

BCCI सचिव ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि भारत ने टूर्नामेंट में सभी सात मुकाबले जीते, जिनमें ग्रुप स्टेज, सुपर-4 और फाइनल शामिल हैं। पाकिस्तान को तीन बार हराना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।

फाइनल में तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। गेंदबाजी में कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने अहम योगदान दिया।

सरकार की नीति का पालन

सैकिया ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का निर्णय सरकार की नीति के तहत लिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 12-15 वर्षों से भारत और पाकिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज़ नहीं हुई है। हालांकि, एशिया कप जैसे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेना अनिवार्य होता है, अन्यथा भारत पर अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से भी प्रतिबंध लग सकता है।


 

Tags