IND vs SL: भारत-पाकिस्तान फाइनल तय, मेंडिस के पास रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका
India vs Sri Lanka, Super Fours, 18th Match : एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला तय हो चुका है। 28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान दुबई में खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम ने सुपर-4 में बांग्लादेश को मात देकर फाइनल का टिकट कटाया, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर खिताबी जंग में जगह बनाई। टूर्नामेंट के 41 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारत और पाकिस्तान फाइनल में भिड़ेंगे।
भारत-श्रीलंका मुकाबले से मेंडिस को बड़ा मौका
फाइनलिस्ट टीमों के तय हो जाने के बाद भी सुपर-4 का आखिरी मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भले ही इस मुकाबले का खिताबी दौड़ पर असर न हो, लेकिन श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज कुसल मेंडिस के लिए यह मैच बेहद खास हो सकता है।
दरअसल, मेंडिस श्रीलंका की ओर से T20I में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अब तक वह 89 मैचों में 25.85 की औसत और 131.53 की स्ट्राइक रेट से 2198 रन बना चुके हैं। अगर वे भारत के खिलाफ 21 रन और जोड़ लेते हैं, तो वे कुसल परेरा को पीछे छोड़कर श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
श्रीलंका के टॉप-5 T20I रन स्कोरर
-
कुसल परेरा – 2218
-
कुसल मेंडिस – 2198
-
पथुम निसंका – 2104
-
तिलकरत्ने दिलशान – 1889
-
दासुन शनाका – 1889
छक्कों का भी रिकॉर्ड मेंडिस के नाम
मेंडिस पहले ही श्रीलंका के लिए T20I में सबसे ज्यादा छक्के (89) लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। आने वाले मैचों में उनके पास 100 छक्कों का आंकड़ा छूने का शानदार मौका होगा।
सुपर-4 में पहली जीत की तलाश में श्रीलंका
श्रीलंका ने ग्रुप स्टेज में अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंक के साथ टॉप पर रहते हुए सुपर-4 में एंट्री की थी। लेकिन यहां टीम का प्रदर्शन फीका रहा। पहले मैच में बांग्लादेश ने 4 विकेट से हराया, फिर पाकिस्तान ने 5 विकेट से शिकस्त दी। ऐसे में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में श्रीलंका अपनी प्रतिष्ठा बचाने और सुपर-4 में पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा।
