IND vs WI ODI Squad: भारतीय वनडे टीम में 8 बड़े बदलाव, हर्ष दुबे को नहीं मिली जगह
वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में पिछले इंग्लैंड दौरे की वनडे टीम की तुलना में कुल आठ बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। एशियन गेम्स 2026 के कारण कई प्रमुख खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से बाहर रखा गया है,
जबकि कुछ नए चेहरों को टीम में शामिल किया गया है।सबसे खास बात यह है कि इंग्लैंड दौरे पर वनडे टीम का हिस्सा रहे हर्ष दुबे को न तो एशियन गेम्स के लिए चुना गया और न ही वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।
हर्ष दुबे को दोनों टीमों में नहीं मिली जगह
पिछली वनडे सीरीज के दौरान हर्ष दुबे भारतीय स्क्वाड में शामिल थे। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज में रवींद्र जडेजा की वापसी के बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है।वहीं, प्रिंस यादव भी वनडे टीम में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके हैं। हालांकि, उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इसके अलावा श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन और अक्षर पटेल एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए भारतीय दल का हिस्सा हैं। इसी वजह से उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रखा गया है।
आकिब नबी और नमन धीर को पहली बार वनडे टीम में मौका
वेस्टइंडीज के खिलाफ घोषित वनडे स्क्वाड में दो खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज आकिब नबी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का इंतजार कर रहे हैं। अब उन्हें पहली बार भारतीय वनडे स्क्वाड में जगह मिली है।इसके अलावा पंजाब के घरेलू क्रिकेटर नमन धीर को भी पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट में अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण कर सकते हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान एवं विकेटकीपर), नमन धीर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ यह वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए नए संयोजन और खिलाड़ियों को आजमाने का अवसर भी होगी। खासतौर पर नमन धीर और आकिब नबी के चयन ने आगामी मुकाबलों को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
