T20I में भारत बना छक्कों का बादशाह, वेस्टइंडीज को पछाड़ हासिल किया नंबर-1 का स्थान

India becomes the king of sixes in T20Is, overtakes West Indies to claim the number 1 spot
 
New Zealand vs India, 1st T20I

New Zealand vs India, 1st T20I :  भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। टीम इंडिया अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है। क्राइस्टचर्च में खेले गए मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने 12 छक्के जड़े, जिसके दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया

भारत ने छक्कों के मामले में वेस्टइंडीज को छोड़ा पीछे

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले से पहले भारतीय टीम इस सूची में दूसरे स्थान पर थी। अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान भारत ने टी20 इंटरनेशनल में 2000 छक्के पूरे करने का आंकड़ा पार किया था। उस समय टीम के नाम कुल 2017 छक्के दर्ज थे, जबकि वेस्टइंडीज 2026 छक्कों के साथ शीर्ष पर मौजूद था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने 12 छक्के लगाए। इसके साथ ही भारत के कुल छक्कों की संख्या बढ़कर 2029 हो गई और टीम ने वेस्टइंडीज को पीछे छोड़कर टी20 इंटरनेशनल में नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया।

T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टॉप-5 टीमें

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली टीमों की सूची में भारत अब शीर्ष पर पहुंच गया है। इस सूची में वेस्टइंडीज दूसरे और न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है।

  • भारत: 2029 छक्के

  • वेस्टइंडीज: 2026 छक्के

  • न्यूजीलैंड: 1595 छक्के

  • पाकिस्तान: 1507 छक्के

  • दक्षिण अफ्रीका: 1407 छक्के

बड़े लक्ष्य का पीछा करने में भी भारत ने की ऑस्ट्रेलिया की बराबरी

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने 226 रनों के लक्ष्य को हासिल कर चार विकेट से जीत दर्ज की। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा।

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एक और खास रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया की बराबरी कर ली। पूर्ण सदस्य देशों की टीमों में 200 या उससे अधिक रनों के लक्ष्य का सबसे ज्यादा बार सफल पीछा करने के मामले में भारत और ऑस्ट्रेलिया अब संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।

दोनों टीमों ने टी20 इंटरनेशनल में सात-सात बार 200 या उससे अधिक रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका छह बार के साथ तीसरे, पाकिस्तान चार बार के साथ चौथे और इंग्लैंड तीन बार के साथ पांचवें स्थान पर है।

200+ रनों का लक्ष्य सबसे ज्यादा बार हासिल करने वाली टीमें

  • भारत: 7 बार

  • ऑस्ट्रेलिया: 7 बार

  • दक्षिण अफ्रीका: 6 बार

  • पाकिस्तान: 4 बार

  • इंग्लैंड: 3 बार

भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ यह जीत दोहरी उपलब्धि लेकर आई। एक तरफ टीम ने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, तो दूसरी तरफ टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली टीम बनने का गौरव भी हासिल किया।

Tags