भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज समापन की ओर, जानिए आखिरी मैच कब और कहां होगा
चौथे मुकाबले में प्रयोग पड़े भारी
पहले तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम ने चौथे टी20 में कुछ प्रयोग किए, जो सफल नहीं रहे। टीम इंडिया ने एक बल्लेबाज कम खिलाकर अतिरिक्त गेंदबाज को मौका दिया, जिसका नुकसान लक्ष्य का पीछा करते समय देखने को मिला। इशान किशन के बाहर होने के बाद उनकी जगह किसी बल्लेबाज को शामिल नहीं किया गया, जिससे रन चेज के दौरान बल्लेबाजी कमजोर नजर आई और भारत को हार झेलनी पड़ी।
रविवार नहीं, शनिवार को होगा आखिरी मुकाबला
सीरीज का अंतिम टी20 मुकाबला रविवार को नहीं, बल्कि शनिवार 31 जनवरी को खेला जाएगा। चौथा मैच बुधवार को खेला गया था, जिसके बाद दो दिन का अंतर रखा गया है। अंतिम मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस साढ़े छह बजे किया जाएगा। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए टी20 विश्व कप से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने का अहम मौका होगा।
7 फरवरी से शुरू होगा टी20 विश्व कप
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। पहले ही दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम अपना पहला मैच 7 फरवरी को शाम 7 बजे वानखेड़े स्टेडियम में यूएसके के खिलाफ खेलेगी।
टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, जो श्रीलंका में आयोजित होगा। अब देखने वाली बात होगी कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज समाप्त करने के बाद टीम इंडिया टी20 विश्व कप में कैसा प्रदर्शन करती है। इस बार भी फैंस को भारतीय टीम से बड़ी उम्मीदें हैं।
