India vs Pakistan: "कागज पर भारत मजबूत, लेकिन, कामरान अकमल का बड़ा बयान
India vs Pakistan: "India is strong on paper, but..." Kamran Akmal's big statement
Tue, 9 Sep 2025
एशिया कप 2025 : एशिया कप 2025 की शुरुआत आज से अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच मुकाबले के साथ हो रही है। इस बार भारतीय टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं, दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की नजरें 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हुई हैं। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल ने बड़ा बयान दिया है।

अकमल का मानना है कि भले ही भारतीय टीम कागज पर बेहद मजबूत है, लेकिन पाकिस्तान के पास भारत को हराने की पूरी क्षमता है। पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा:
कागज पर भारतीय टीम बेहतरीन है, इसमें कोई दो राय नहीं। आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और वह नंबर वन टीम है। लेकिन किसी भी बड़े मैच में जीत उसी टीम को मिलती है, जो उस दिन बेहतर प्रदर्शन करे। मेरी ख्वाहिश है कि पाकिस्तान अच्छा खेले और भारत को हराने में सफल रहे।"
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान को जीत हासिल करने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश के साथ मैदान पर उतरना होगा। "भारत एक मजबूत टीम है, लेकिन जब भी दोनों देशों के बीच मुकाबला होता है, माहौल अलग ही होता है। ऐसे में जो टीम दबाव को अच्छे से झेलेगी, वही विजेता बनेगी।"
भारत-पाकिस्तान के बीच तीन बार टक्कर संभव
भारतीय टीम अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ंत होगी और 19 सितंबर को ओमान से मुकाबला होगा।
अगर भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें सुपर-4 और फाइनल तक पहुंच जाती हैं, तो क्रिकेट प्रेमियों को इस चिर-प्रतिद्वंद्विता का रोमांच तीन बार देखने को मिल सकता है।
एशिया कप 2025 का लीग चरण 9 सितंबर से 19 सितंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद 20 सितंबर से सुपर-4 चरण शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा।
