India vs Sri Lanka Test Series 2026: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया के शेड्यूल में बड़ा बदलाव, घटाया गया वॉर्म-अप मैच का समय; बुमराह-सुदर्शन पर आई अच्छी खबर
India Tour of Sri Lanka 2026 Schedule Update: भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले खेले जाने वाले इकलौते अभ्यास (वॉर्म-अप) मुकाबले के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। पहले यह मुकाबला 4 दिनों का तय था, जिसे अब घटाकर 3 दिन का कर दिया गया है। यह अभ्यास मैच 7 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक कोलंबो के NCC ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका के लिए रवाना होगी।
4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और टीम प्रबंधन को इस बदलाव की आधिकारिक जानकारी दे दी गई है। हालांकि, अभ्यास मैच की अवधि कम किए जाने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं की गई है। भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका के लिए रवाना होगी। वॉर्म-अप मैच समाप्त होने के बाद टीम गॉल पहुंचेगी, जहां 15 अगस्त से पहला टेस्ट खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी (SSC) स्टेडियम में आयोजित होगा।क्रिकेट प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि इस अभ्यास मैच का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
फिटनेस को लेकर टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर
टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को खिलाड़ियों की फिटनेस के मोर्चे पर सकारात्मक समाचार मिले हैं। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन, जो पैर के अंगूठे की चोट से उबर रहे थे, अब पूरी तरह फिट होने की ओर बढ़ चुके हैं। उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना पुनर्वास (रीहैब) पूरा कर लिया है और बल्लेबाजी अभ्यास भी शुरू कर दिया है।वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी घुटने की चोट से पूरी तरह उबरते हुए फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिया है। अब वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
- शुभमन गिल (कप्तान)
- केएल राहुल (उपकप्तान)
- यशस्वी जायसवाल
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- साई सुदर्शन
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- रवींद्र जडेजा
- कुलदीप यादव
- मानव सुथार
- जसप्रीत बुमराह
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- गुरनूर बराड़
- देवदत्त पडिक्कल
- सारांश जैन
भारत की नजर इस दौरे पर मजबूत प्रदर्शन करते हुए नई टेस्ट सीरीज की सफल शुरुआत करने पर होगी। वहीं, वॉर्म-अप मैच खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने और अंतिम संयोजन तय करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
