ndia Women vs Zimbabwe Women: स्मृति मंधाना की कप्तानी में आज उतरेगी टीम इंडिया, जानें कितने बजे शुरू होगा पहला टी20 मुकाबला
हरमनप्रीत कौर अब खिलाड़ी के रूप में निभाएंगी भूमिका, रायपुर में खेला जाएगा सीरीज का पहला मैच; टीवी और मोबाइल पर यहां देख सकेंगे लाइव प्रसारण
India Women vs Zimbabwe Women, 1st T20I : भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज नए कप्तानी दौर की शुरुआत लेकर आई है। स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा रहेंगी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला आज रायपुर में खेला जाएगा। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों की नजर स्मृति मंधाना की कप्तानी और टीम इंडिया के प्रदर्शन पर रहेगी।
शाम 7 बजे शुरू होगा भारत-जिम्बाब्वे का मुकाबला
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे निर्धारित है।
इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल और इसके बाद तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है। तीनों टी20 मैच रायपुर में होंगे, जबकि वनडे सीरीज के मुकाबले वडोदरा में आयोजित किए जाएंगे।
स्मृति मंधाना के हाथों में टीम की कमान
हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम का नया कप्तान बनाया गया है। मंधाना इससे पहले भी कुछ मौकों पर टीम की अगुवाई कर चुकी हैं, लेकिन अब उन्हें नियमित कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरमनप्रीत कौर टीम में एक अनुभवी खिलाड़ी के तौर पर शामिल हैं। उनके अनुभव से भारतीय टीम को फायदा मिलने की उम्मीद है। वहीं, मंधाना के सामने कप्तान के रूप में टीम को सही रणनीति के साथ मैदान पर उतारने और सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कराने की चुनौती होगी।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव मैच?
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली सीरीज का लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है। मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पूरा स्क्वॉड
India Women Squad: Shafali Verma, Smriti Mandhana(c), Harmanpreet Kaur, Richa Ghosh(w), Gunalan Kamalini, Deepti Sharma, Arundhati Reddy, Minnu Mani, Shree Charani, Nandani Sharma, Kranti Gaud, Anushka Sharma, Jintimani Kalita, Niki Prasad, Prema Rawat
Zimbabwe Women Squad: Kelis Ndhlovu, Beloved Biza, Chipo Mugeri-Tiripano, Chiedza Dhururu(w), Nyasha Gwanzura, Josephine Nkomo(c), Modester Mupachikwa, Sharne Mayers, Loryn Phiri, Francisca Chipare, Kudzai Chigora, Nomvelo Sibanda, Olinder Chare, Michelle Mavunga, Tendai Makusha
