IPL 2026 : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम, आंद्रे रसेल का 7 साल पुराना विस्फोटक रिकॉर्ड तोड़ा

IPL 2026: 15-Year-Old Vaibhav Suryavanshi Creates a Sensation, Breaks Andre Russell's 7-Year-Old 'Explosive' Record
 
Vaibhav Suryavanshi
Punjab Kings vs Rajasthan Royals, 40th Match, Indian Premier League 2026 -   इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भले ही वैभव अपने अर्धशतक से महज 7 रन दूर रह गए, लेकिन उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

अर्शदीप और फर्ग्यूसन की उधेड़ी बखिया

223 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव ने ऐसी शुरुआत दी कि पंजाब के गेंदबाज असहाय नजर आए। महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वैभव ने केवल 16 गेंदों में 43 रन कूट डाले। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके लगाए। उन्होंने अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और मार्को जानसेन जैसे अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं दिखाया।

आंद्रे रसेल का 7 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

इस 43 रनों की पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने IPL इतिहास का एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। वह अब एक IPL सीजन में सबसे कम गेंदों में 400 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आंद्रे रसेल द्वारा 2019 में बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

IPL सीजन में सबसे कम गेंदों में 400 रन 

खिलाड़ी गेंदें (Face) सीजन
वैभव सूर्यवंशी 167 2026
आंद्रे रसेल 188 2019
अभिषेक शर्मा 195 2024
निकोलस पूरन 197 2025
ग्लेन मैक्सवेल 200 2014

मैच का लेखा-जोखा: राजस्थान की धमाकेदार जीत

  • पंजाब किंग्स का स्कोर: पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 222/4 का विशाल स्कोर बनाया। मार्कस स्टॉयनिस ने आखिरी ओवरों में तबाही मचाते हुए महज 22 गेंदों में नाबाद 62 रन (6 छक्के, 4 चौके) जड़े। प्रभसिमरन सिंह ने भी 59 रनों की पारी खेली।

  • राजस्थान की जवाबी कार्रवाई: लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने वैभव की बदौलत महज 3.1 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए थे। वैभव के 43 रन पर आउट होने के बाद भी अन्य बल्लेबाजों ने लय बरकरार रखी और राजस्थान ने 19.2 ओवर में 223 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

जब वैभव ने लॉकी फर्ग्यूसन के एक ही ओवर में 17 रन बटोरे, तो पूरा स्टेडियम 'वैभव-वैभव' के नारों से गूंज उठा। हालांकि, एक लो फुलटॉस पर श्रेयस अय्यर को कैच थमाकर वह आउट हुए, लेकिन जाने से पहले वह अपना काम कर चुके थे।

Tags