IPL 2026 Auction : कैमरन ग्रीन बने IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी

IPL 2026 Auction: Cameron Green becomes the most expensive foreign player in IPL history.
 
Cameron Green

Player auction ipl 2026 live :  ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने आईपीएल इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के ऑक्शन में ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी KKR के ही नाम था, जब फ्रेंचाइज़ी ने IPL 2024 ऑक्शन में मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।

18 करोड़ ही मिलेंगे ग्रीन को

हालांकि, BCCI के वेतन नियमों के अनुसार कैमरन ग्रीन को अधिकतम 18 करोड़ रुपये ही मिलेंगे, जबकि शेष 7.20 करोड़ रुपये BCCI के खाते में जाएंगे।ग्रीन ने अब तक IPL में 29 मैचों में 707 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 153.69 रहा है। उन्होंने यह प्रदर्शन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए किया है।

20 करोड़ क्लब में तीसरे ऑस्ट्रेलियाई

ग्रीन अब 20 करोड़ से ज्यादा पाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस (20.5 करोड़) ने हासिल की थी।

पथिराना पर बड़ा दांव, KKR की दूसरी बड़ी खरीद

श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और KKR के बीच जबरदस्त बोली लगी। अंततः KKR ने 18 करोड़ रुपये में पथिराना को अपने नाम किया। वहीं LSG ने जल्दी ही नुकसान की भरपाई करते हुए एनरिक नॉर्खिया को उनके बेस प्राइस 2 करोड़ में खरीद लिया।

वेंकटेश अय्यर को RCB ने छीना

ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर के लिए KKR और RCB के बीच टक्कर देखने को मिली। आखिरकार RCB ने 7 करोड़ रुपये में अय्यर को खरीद लिया। दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल अय्यर को 23.75 करोड़ मिले थे।

राजस्थान रॉयल्स का स्पिन पर फोकस

ट्रेड विंडो में रवींद्र जडेजा को शामिल करने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने स्पिन विभाग को और मजबूत करते हुए रवि बिश्नोई को 7.20 करोड़ में खरीदा। इस बोली में उन्होंने CSK और SRH को पछाड़ा।

बेस प्राइस पर सौदे और बड़े नाम अनसोल्ड

  • सरफराज खान और पृथ्वी शॉ को कोई खरीदार नहीं मिला

  • रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे, जॉनी बेयरस्टो और रहमानुल्लाह गुरबाज़ भी अनसोल्ड रहे

  • LSG ने वानिंदु हसरंगा को 2 करोड़ में लिया

  • DC ने डेविड मिलर (1 करोड़) और बेन डकेट (2 करोड़) को खरीदा

  • KKR ने फिन एलन को 2 करोड़ में जोड़ा

  • MI ने पुराने खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक को सिर्फ 1 करोड़ में वापस टीम में शामिल किया

ऑक्शन का संकेत

IPL 2026 ऑक्शन के शुरुआती दौर से साफ है कि फ्रेंचाइज़ियों का झुकाव ऑलराउंडर्स और डेथ ओवर स्पेशलिस्ट गेंदबाजों की ओर है, जबकि कई बड़े बल्लेबाजों को फिलहाल इंतजार करना पड़ा।

Tags