IPL 2026 Auction: अनकैप्ड तेज गेंदबाज औकिब नबी पर पैसों की बारिश, दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में किया शामिल

IPL 2026 Auction: Uncapped fast bowler Auqib Nabi receives a massive payday, signed by Delhi Capitals for ₹8.40 crore.
 
 Auqib Nabi
IPL 2026 Auction:   इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ऑक्शन में अनकैप्ड खिलाड़ियों की मांग हमेशा से अधिक रहती है। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया होता, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींच लेते हैं। IPL 2026 ऑक्शन में ऐसा ही कुछ देखने को मिला जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी के साथ, जिन पर टीमों ने जमकर बोली लगाई।

30 लाख के बेस प्राइस से 8.40 करोड़ तक का सफर

औकिब नबी ऑक्शन में 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ उतरे थे। सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर बोली लगाई। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स, फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और अंत में सनराइजर्स हैदराबाद भी इस रेस में शामिल हो गईं।
लंबी खींचतान के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये की अंतिम बोली लगाकर बाजी मार ली।

जम्मू-कश्मीर के स्विंग स्पेशलिस्ट

औकिब नबी जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज हैं और नई गेंद से स्विंग कराने में माहिर माने जाते हैं। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे सिर्फ शुरुआती ओवरों में ही नहीं, बल्कि डेथ ओवर्स में भी यॉर्कर और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं।

अरुण जेटली स्टेडियम बना ताकत

दिल्ली कैपिटल्स की दिलचस्पी की एक बड़ी वजह औकिब का अरुण जेटली स्टेडियम में शानदार रिकॉर्ड रहा है।इस साल जम्मू-कश्मीर बनाम दिल्ली मुकाबले में उन्होंने इसी मैदान पर 35 रन देकर 5 विकेट झटके थे। इसके अलावा दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन बनाम ईस्ट जोन मैच में उन्होंने चार गेंदों पर चार विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

अब दिल्ली के लिए उसी मैदान पर दिखेगा जलवा

अब औकिब नबी उसी अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में गेंदबाजी करते नजर आएंगे। घरेलू परिस्थितियों की अच्छी समझ और आत्मविश्वास उन्हें IPL में तुरंत असरदार बना सकता है।

पहली बार IPL में उतरेंगे औकिब

8.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम के साथ औकिब नबी पहली बार IPL खेलेंगे। उनसे न सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स बल्कि पूरे टूर्नामेंट को एक नए तेज गेंदबाज से बड़ी उम्मीदें होंगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह जम्मू-कश्मीर का उभरता सितारा IPL 2026 में अपने प्रदर्शन से इस भरोसे पर खरा उतर पाता है या नहीं।

Tags