IPL 2026: पैट कमिंस ने रचा इतिहास, हार्दिक पांड्या को पछाड़कर बने ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज; अब सिर्फ शेन वॉर्न आगे
हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ नंबर 2 पर पहुंचे कमिंस
टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शुरुआत से ही मेजबान टीम के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसे रखा। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 28 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत वह आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की फेहरिस्त में हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर आ गए हैं।अब पैट कमिंस के नाम आईपीएल में कप्तानी करते हुए 41 विकेट दर्ज हो गए हैं, जबकि हार्दिक पांड्या 40 विकेटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
40 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले तेज गेंदबाज
पैट कमिंस आईपीएल इतिहास में बतौर कप्तान 40 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। अब इस एलीट लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के ही महान स्पिनर स्वर्गीय शेन वॉर्न हैं, जिन्होंने आईपीएल में कप्तान रहते हुए कुल 57 विकेट हासिल किए थे।
IPL में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
-
शेन वॉर्न: 57 विकेट
-
पैट कमिंस: 41 विकेट
-
हार्दिक पांड्या: 40 विकेट
-
अनिल कुंबले: 30 विकेट
यदि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस सीजन प्लेऑफ और फाइनल तक का सफर तय करती है, तो कमिंस के पास बतौर कप्तान 50 विकेटों का आंकड़ा छूने और शेन वॉर्न के रिकॉर्ड के और करीब पहुंचने का सुनहरा मौका होगा।
कप्तानी में बनाया एक और अनोखा रिकॉर्ड
यह आईपीएल इतिहास में 5वां मौका था जब पैट कमिंस ने कप्तान के तौर पर किसी मैच में 3 विकेट हासिल किए हैं। शेन वॉर्न के बाद इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले वह केवल दूसरे कप्तान और दुनिया के पहले तेज गेंदबाज हैं। लीग के इतिहास में कमिंस के अलावा कोई भी तेज गेंदबाज कप्तान रहते हुए 4 बार भी किसी एक मैच में 3 विकेट नहीं ले सका है।
टी20 क्रिकेट में पूरे किए 200 विकेट
चेपॉक में मिली इस सफलता के साथ ही पैट कमिंस ने अपने टी20 करियर में 200 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह ऑस्ट्रेलिया के चुनिंदा गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं। इस सीजन में थोड़ा देरी से अपनी टीम के साथ जुड़ने के बावजूद कमिंस ने बेहतरीन वापसी की है और उनकी अगुवाई में हैदराबाद प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है। अब देखना होगा कि वह अपनी कप्तानी में टीम को खिताब दिला पाते हैं या नहीं।
