IPL 2026 Playoff: चेन्नई की हार से चमकी हैदराबाद और गुजरात की किस्मत, प्लेऑफ में पहुँचे 'टाइटंस' और 'सनराइजर्स'

IPL 2026 Playoffs: Chennai's Defeat Boosts Hyderabad and Gujarat's Fortunes; 'Titans' and 'Sunrisers' Reach the Playoffs
 
Chennai Super Kings vs Sunrisers Hyderabad
Chennai Super Kings vs Sunrisers Hyderabad, 63rd Match, Indian Premier League 2026 -  चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 63वें मुकाबले के नतीजे ने टूर्नामेंट की प्लेऑफ तस्वीर को काफी हद तक साफ कर दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि प्लेऑफ का टिकट भी हासिल कर लिया। हैदराबाद की इस धमाकेदार जीत का सीधा फायदा गुजरात टाइटंस (GT) को भी मिला है। अब टूर्नामेंट को प्लेऑफ के लिए अपनी टॉप-3 टीमें मिल चुकी हैं।

प्लेऑफ में पहुँचीं 3 टीमें; हैदराबाद और गुजरात के हुए 16-16 अंक

चेन्नई पर मिली इस शानदार जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद 16 अंकों के साथ आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। वहीं, अंक तालिका के गणित के चलते 16 अंक रखने वाली गुजरात टाइटंस भी अंतिम चार में अपनी जगह सुरक्षित करने में कामयाब रही। आपको बता दें कि डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस सीजन में प्लेऑफ का टिकट कटाने वाली सबसे पहली टीम बनी थी।

आखिरी एक स्थान के लिए 5 टीमों में महासंग्राम

अब प्लेऑफ का केवल चौथा और आखिरी स्पॉट खाली बचा है, जिसके लिए पांच टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने वाली है। इस अंतिम स्थान की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स शामिल हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें पहले ही इस रेस से बाहर हो चुकी हैं।

चेन्नई ने बनाया था 180 रनों का स्कोर

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 180 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। चेन्नई की तरफ से डेवॉल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 44 रनों की पारी खेली, जबकि कार्तिक शर्मा ने 32 रनों का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि साकिब हुसैन को 2 और प्रफुल्ल हिंगे व ईशान मलिंगा को 1-1 सफलता मिली।

खराब शुरुआत के बाद ईशान किशन और क्लासेन का धमाल

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।

क्लासेन 47 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ईशान किशन ने एक छोर संभाले रखा और 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। हालांकि, किशन 19वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन तब तक हैदराबाद जीत की दहलीज पर पहुँच चुकी थी। अंत में स्मरण रविचंद्रन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर शानदार चौका जड़कर हैदराबाद को 5 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

Tags