IPL 2026: शिवम मावी चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर, SRH ने युवा तेज गेंदबाज आर एस अंबरीश को टीम में किया शामिल
Sunrisers Hyderabad : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच Sunrisers Hyderabad को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज Shivam Mavi ग्रोइन इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने 1 मई को इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए उनके रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का भी ऐलान कर दिया।
एसआरएच ने मावी की जगह युवा तेज गेंदबाज R S Ambrish को टीम में शामिल किया है। अंबरीश हाल ही में आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे और उन्होंने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज R S Ambrish ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 11 विकेट हासिल किए थे। वह भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे।
अंबरीश घरेलू क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं। उन्होंने Tamil Nadu Cricket Team की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लेने के साथ बल्ले से 43 रन भी बनाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है।
शानदार फॉर्म में है सनराइजर्स हैदराबाद
Sunrisers Hyderabad का प्रदर्शन इस सीजन अब तक काफी प्रभावशाली रहा है। टीम ने 9 मुकाबलों में 6 जीत हासिल की हैं और 12 अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। अब टीम की नजरें लीग स्टेज के बाकी मुकाबलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर प्लेऑफ में अपनी जगह मजबूत करने पर होंगी। सनराइजर्स हैदराबाद को अपना अगला मुकाबला 3 मई को Kolkata Knight Riders के खिलाफ खेलना है। खास बात यह है कि पिछले मुकाबले में एसआरएच ने कोलकाता को 65 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
