IPL 2027 : CSK में बड़े बदलाव की तैयारी, 14.2 करोड़ के प्रशांत वीर या कार्तिक शर्मा पर गिर सकती है गाज

पिछले सीजन में महंगी कीमत पर खरीदे गए दोनों युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, पर्स मजबूत करने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स इनमें से किसी एक को रिलीज करने पर विचार कर सकती है।

 
Prashant Veer or Kartik Sharma

IPL 2027 :  आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पिछले ऑक्शन में करोड़ों रुपये खर्च कर खरीदे गए दो युवा खिलाड़ियों प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसी एक को रिलीज किए जाने की चर्चा है। ऐसा करने से फ्रेंचाइजी के पास नीलामी के लिए अतिरिक्त रकम उपलब्ध हो सकती है।

14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए थे प्रशांत वीर

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था। उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बोली की होड़ देखने को मिली थी।

हालांकि, पिछले सीजन में प्रशांत का प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा। उन्होंने छह मुकाबलों में 90 रन बनाए और कोई विकेट हासिल नहीं किया। ऐसे में टीम प्रबंधन उनके प्रदर्शन का आकलन करते हुए उन्हें रिलीज करने पर विचार कर सकता है।

कार्तिक शर्मा का प्रदर्शन भी रहा चर्चा में

कार्तिक शर्मा को भी चेन्नई ने 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर अपने साथ जोड़ा था। उनके लिए भी कई फ्रेंचाइजी के बीच बोली की प्रतिस्पर्धा हुई थी। पिछले सीजन में कार्तिक ने 11 मैचों में 295 रन बनाए। हालांकि, इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद टीम को उनसे जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में प्रशांत वीर के साथ कार्तिक शर्मा का नाम भी संभावित रिलीज की चर्चा में शामिल है।

CSK के पर्स में फिलहाल 2.4 करोड़ रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स के पास फिलहाल नीलामी के लिए करीब 2.4 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। ऐसे में टीम के सामने खिलाड़ियों को रिटेन करने और रिलीज करने को लेकर रणनीतिक फैसला लेने की चुनौती है।  CSK इन दोनों खिलाड़ियों में से किसी एक को रिलीज कर अपना पर्स बढ़ाने की योजना बना सकती है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि फ्रेंचाइजी रिलीज किए गए खिलाड़ी को नीलामी में कम कीमत पर दोबारा खरीदने की कोशिश करे।

15 नवंबर को रिटेंशन लिस्ट, 16 दिसंबर को नीलामी

आईपीएल 2027 के लिए सभी दस फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट सौंपनी है। वहीं, रिपोर्ट में नीलामी की तारीख 16 दिसंबर बताई गई है। अब सबकी नजरें चेन्नई सुपर किंग्स के फैसले पर टिकी हैं। देखना होगा कि टीम प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसे अपने साथ बनाए रखती है और किस खिलाड़ी को रिलीज करने का फैसला करती है।

Tags